Rewa Congress Poster : पूरे देश में जहां एक ओर कांग्रेस चुनावों में वोट चोरी के आरोप लगाकर आंदोलन कर रही है, तो वहीं दूसरी ओर रीवा शहर में एक अलग ही मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। शहर के कई प्रमुख चौराहों पर राहुल गांधी की तस्वीर के साथ पोस्टर लगाए गए हैं, जिन पर लिखा है, रीवा में रायशुमारी चोरी हो गई, रीवा कांग्रेस बचाओ।
विपक्ष की चाल या गुटबाजी?
जैसे ही इन पोस्टरों को लोगों ने देखा, शहर में कई तरह की चर्चाएं होने लगी है। राजनीति गलियारों में चर्चा है कि यह कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी है तो कुछ लोगों का मानना है कि यह विपक्ष की चाल हैं। पोस्टरों को लेकर रीवा शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक पटेल ने इसे भाजपा की साज़िश करार दिया है। उनका कहना है कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और संगठन में किसी भी तरह का मतभेद नहीं है। पोस्टरों में किसी कांग्रेसी नेता का नाम नहीं लिखा गया है, जिससे साफ है कि यह पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश है।
क्या है मामला?
दरअसल, हाल ही में कांग्रेस ने प्रदेशभर में जिला और शहर अध्यक्षों की नियुक्ति की है। इसके बाद कई जगहों पर नाराज़गी भी देखने को मिली है। रीवा में भी शहर और ग्रामीण अध्यक्ष की नियुक्तियों को लेकर असहमति की चर्चाएं सामने आई थीं। हालांकि अशोक पटेल का कहना है कि राहुल गांधी के मार्गदर्शन में आए पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर ही नए पदाधिकारी बनाए गए हैं। फिलहाल खबर लिखे जाने तक यह साफ नहीं हो पाया है कि पोस्टर किसने लगाए। लेकिन इतना तय है कि इन पोस्टरों ने रीवा की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।