भोपाल/सतना। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने राज्य सेवा परीक्षा-2019 का अंतिम परीक्षा परिणाम मंगलवार देर रात जारी कर दिया है।रिजल्ट में टॉप 10 की सूची में 7 लड़कियों ने स्थान पाया है। 87 प्रतिशत पदों पर चयन सूची जारी की गई है। ओबीसी आरक्षण मामला कोर्ट में चलने के कारण 13 फीसदी पदों पर नियुक्तियां रोकी गई हैं।
जारी परिणाम मेंं सतना की प्रिया ने एमपी पीएससी में टॉप किया है, जबकि भोपाल की रुचि जैन डीएसपी के पद पर टॉपर बनी हैं। एमपी पीएससी के रिजल्ट जारी होने के बाद परीक्षा में टॉप 10 करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची भी जारी कर दी गई है। इसके अनुसार, पहले तीन स्थानों पर छात्राओं का जलवा रहा है। डिप्टी कलेक्टर श्रेणी की सूची में पहले स्थान पर प्रिया पाठक और दूसरी रैंक पर सिवनी की शिवांगी बघेल रही हैं।
वहीं, तीसरे स्थान पर पन्ना की पूजा सैनी रही हैं। परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली प्रिया पाठक सतना जिले से हैं। उनके पिता कृष्ण शरण पाठक प्राथमिक शाला खमरेही में शिक्षक हैं। यहां गौरतलब है कि कुल 484 पदों के लिए चयन सूची जारी होनी थी, लेकिन इनमें से 12 पदों (दिव्यांग व अन्य कोटे) के लिए योग्य उम्मीदवार नहीं मिले, इसलिए 472 पदों के लिए फाइनल परिणाम जारी हुआ है। बाकी पदों के लिए कोर्ट के फैसले के बाद सूची जारी होगी। अब 2019 के इन अभ्यर्थियों के साथ ही 2020 के अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति मिलने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।
कुल 24 टॉपर्स ने सूची में स्थान पाया: प्रिया पाठक, शिवानी बघेल, पूजा सैनी, राहुल कुमार पटेल, निधी मिश्रा, हरनीत कौर कलसी, सौरभ मिश्रा, सलोनी अग्रवाल, रीतिका पाटीदार, आशुतोष महादेव सिंह ठाकुर, अमित कुमार सोनी, अनुपम शर्मा, दीक्षा, सिम्मी यादव, सुमेश कुमार द्विवेदी, अर्चित, मयूरी जॉक, विकास केमोर, नवीन सिंह ठाकुर, दीपक मडावी, पूर्वा, आलोक, मंजूश्री, नितिन कुमार के नाम शामिल हैं।
पहली बार दो परीक्षा से जारी हुआ एक अधूरा परीक्षा परिणाम: चार साल से अधर में लटकी राज्यसेवा परीक्षा-2019 का अंतिम परिणाम और चयन सूची मंगलवार देर रात जारी कर दी। मप्र लोकसेवा आयोग(पीएससी) द्वारा रातों-रात जारी किए इन परिणामों से अभ्यर्थी भी हैरान रह गए। कुल 571 पदों के लिए राज्यसेवा-2019 घोषित हुई थी।
ताजा परिणाम में इन पदों के मुकाबले केवल 87 प्रतिशत पदों के लिए परिणाम और चयन सूची घोषित की गई है। इस तरह पीएससी ने केवल 472 पदों के लिए पीएससी द्वारा घोषित नतीजों में कुल 24 डिप्टी कलेक्टर, 19 डीएसपी, 17 कोषालय अधिकारी सहित वाणिज्यिककर अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला पंजीयक जैसे पदों के लिए चयन सूची घोषित की है। इन पदों के लिए 87 प्रतिशत के अनुपात में ही चयन सूची जारी की गई है। शेष 13 प्रतिशत अभ्यर्थियों के नाम होल्ड पर रख दिए गए हैं। 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण पर कोर्ट का निर्णय आने के बाद ही शेष 13 प्रतिशत पदों के लिए परिणाम आएंगे। ऐसे में सिर्फ अधूरा रिजल्ट ही नहीं बल्कि राज्यसेवा-2019 के साथ यह संयोग भी जुड़ गया है।
रुचि अंडमान निकोबार में आईएएस की ट्रेनिंग पर
भोपाल के पंचशील नगर की रुचि जैन ने एमपीपीएससी-2019 रिजल्ट में डीएसपी (उप पुलिस अधीक्षक) के पद पर टॉप किया है। रुचि ने एमपी पीएससी की परीक्षा 2019 में दी थी। इसके बाद यूपीएससी-2020 में शामिल हुईं। इस परीक्षा को भी उत्तीर्ण करने के बाद अब वे वर्तमान में अंडमान निकोबार में आईएएस की ट्रेनिंग पर हैं। रुचि सरकारी स्कूल और कॉलेज में पढ़ी हैं।
पहले तीन स्थानों पर छात्राओं का जलवा
डिप्टी कलेक्टर श्रेणी की सूची में पहले स्थान पर प्रिया पाठक
दूसरी रैंक पर सिवनी की शिवांगी बघेल
तीसरे स्थान पर पन्ना की पूजा सैनी
टाप-10 में 7 लड़कियां
87 प्रतिशत के आधार पर जारी ताजा परिणाम के अनुसार प्रिया पाठक राज्यसेवा-2019 की टॉपर बनी है। इनके बाद सूची में शिवांगी बघेल, पूजा सोनी, राहुल कुमार पटेल, निधि मिश्रा, हरनीतकौर कलसी, सौरभ मिश्रा, सलोनी अग्रवाल, रीतिका पाटीदार, आशुतोष महादेवसिंह ठाकुर के नाम है। इस तरह टॉप 10 में 7 लड़कियां हैं।
फेल हों तो कोिशश न छोड़ें,फिर कोशिश करें
सतना के नागौद की बडौरा निवासी प्रिया पाठक (27) ने एमपीपीएससी परीक्षा 2019 में टॉप कर जिले को गौरवान्वित किया है। परिवार खुशी के कारण पूरी रात सो नहीं पाया। सुबह होते ही दोस्तों और परिजनों के फोन घनघनाने लगे। प्रिया के पिता कृष्ण शरण पाठक नागौद के शासकीय विद्यालय में सहायक शिक्षक हैं। मां पुष्पा पाठक एक गृहिणी हैं। अपनी इस सफलता का श्रेय प्रिया ने अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि मेरे दोस्तों, केजी-1 से अब तक के टीचर्स ने मुझे मोटिवेट किया, उन्हें भी श्रेय जाता है। मैं युवाओं से यह कहना चाहूंगी कि किसी भी स्टेज पर फेल होते हैं तो भी कोशिश न छोड़ें। फिर कोशिश करें। आपको सफलता जरूर मिलेगी। प्रिया पाठक का कहना है कि खुद पर विश्वास रखा और अपनी तैयारी पर भरोसा किया। जो लक्ष्य तय किया था, उसे पाने के लिए पूरी कोशिश की और अब नतीजा सामने है। प्रिया इससे पहले एमपीपीएससी में 2020 में उनका चयन डीएसपी पद के लिए हुआ था। लेकिन उन्होंने ज्वाॅइन नहीं किया था। प्रिया ने रानी दुर्गावती विवि से बीएससी बायो टेनॉलॉजी से अपना ग्रेजुएशन किया। पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए 2022 में इंदौर से िकया। वहां देवी अहिल्या बाई विश्वविद्यालय से एमए पॉलिटिकल साइंस में अपना मास्टर्स किया।