MP Morning News : राजधानी भोपाल में आज किसानों से जुड़ा एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित किसान सम्मेलन के माध्यम से ‘कृषि कल्याण वर्ष 2026’ की औपचारिक शुरुआत करेंगे। इस मौके पर प्रदेशभर से किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ भोपाल पहुंच रहे हैं। आरटीओ कार्यालय के पास लगभग 1101 ट्रैक्टर एकत्र होंगे, जहां से मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर भव्य ट्रैक्टर रैली को रवाना करेंगे।
किसानों को सपर्पित 2026
राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को पूरी तरह किसानों के नाम समर्पित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत सालभर कृषि, सिंचाई, तकनीक और किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी देने के लिए ब्राजील और इजराइल जैसे देशों में प्रशिक्षण दिलाने की भी योजना है। सरकार का फोकस खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने और किसानों की आमदनी बढ़ाने पर रहेगा।
दूषित पानी को लेकर कांग्रेस की न्याय यात्रा
प्रदेश में दूषित पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन का ऐलान किया है। इंदौर में कांग्रेस ‘न्याय यात्रा’ निकालने की तैयारी कर रही है। हाल ही में भागीरथपुरा क्षेत्र का दौरा करने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आम लोगों से इस यात्रा में शामिल होने की अपील की थी। यात्रा को लेकर यह भी चर्चा है कि इसमें राहुल गांधी शामिल हो सकते हैं, हालांकि फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मध्यप्रदेश में ठंड का कहर
मध्यप्रदेश में सर्दी का असर अभी कम नहीं हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में शीत लहर और घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य संभाग में ठंड ज्यादा प्रभावी रहेगी, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
यहां शीत लहर और कोहरे की आशंका
छतरपुर, टीकमगढ़, दतिया, निवाड़ी, ग्वालियर और भिंड जिलों में शीत लहर के साथ घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। वहीं शिवपुरी और श्योपुर में मध्यम स्तर का कोहरा रह सकता है। मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना और पन्ना जिलों में भी घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम और मध्य क्षेत्रों में मध्यम कोहरे की आशंका जताई है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।