MP Breaking News: मध्य प्रदेश में गुरुवार का दिन प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। एक ओर प्रदेशभर में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन और दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। दूसरी ओर आंदोलनरत किसानों को सरकार ने बड़ी राहत देते हुए उनकी अधिकांश मांगों को स्वीकार कर लिया है। इसके अलावा दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आज मतदान भी कराया जाएगा।
आज जारी होगी मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
राज्य निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आज प्रदेशभर में संशोधित मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। घर-घर किए गए विशेष सत्यापन अभियान के बाद बड़ी संख्या में फर्जी और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में करीब 28 लाख फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए गए, जबकि राजधानी भोपाल में ही लगभग 1.25 लाख नाम सूची से हटाए गए हैं। निर्वाचन आयोग का मानना है कि इससे मतदाता सूची पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और सटीक बनेगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव का उज्जैन और दिल्ली दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन और दिल्ली के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। दिल्ली प्रवास के दौरान वे दूरसंचार (टेलीकॉम) क्षेत्र से जुड़े एक महत्वपूर्ण एमओयू (MOU) पर हस्ताक्षर करेंगे, जिससे प्रदेश में निवेश और तकनीकी विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा मुख्यमंत्री बुरहानपुर में आयोजित बलराम महोत्सव से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। सभी कार्यक्रमों के बाद देर शाम उनके भोपाल लौटने का कार्यक्रम निर्धारित है।
किसानों की अधिकांश मांगों पर सरकार की सहमति
प्रदेश में खाद वितरण और मूंग खरीदी को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के लिए सरकार ने राहत भरे फैसले लिए हैं। सरकार ने किसानों की अधिकांश मांगों को स्वीकार करते हुए खाद वितरण व्यवस्था से जुड़ी विवादित व्यवस्था को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही मूंग खरीदी को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया है। अब सरकार किसानों की 60 प्रतिशत मूंग खरीदेगी, जबकि खरीदी की अंतिम तिथि को 10 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है। सरकार के इस फैसले से हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है।
दतिया उपचुनाव के लिए आज मतदान
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आज मतदान कराया जाएगा। इस सीट पर लगभग 2.20 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नया विधायक चुनेंगे। मुख्य मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के बीच माना जा रहा है। हालांकि दोनों प्रमुख दलों को चुनाव के दौरान अंदरूनी असंतोष और भीतरघात की चुनौती का भी सामना करना पड़ रहा है।