Report by Mukesh Prajapati भैरुंदा। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) द्वारा नर्मदा नदी में रेत खनन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद भैरुंदा क्षेत्र में अवैध उत्खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतिबंध के बावजूद नर्मदा नदी से लगातार रेत उत्खनन किया जा रहा हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के चलते शुक्रवार देर रात जिला खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टिगाली स्थित नर्मदा तट से अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही तीन पनडुब्बी मशीनें जब्त की।
पांच जेसीबी मशीनें और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
दरअसल, खनिज अधिकारी राजकुमार बराठे को लगातार अवैध उत्खनन की सूचना मिल रही थी। जिसकी शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जिला खनिज विभाग ने अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच जेसीबी मशीनें और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की थीं।
अवैध रेत खनन पर निगरानी जारी
मामले में जानकारी देते हुए खनिज विभाग के अधिकारी ने कहा कि अवैध रेत खनन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बारिश के मौसम में रेत खनन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। बावजूद इसके रेत माफिया नदी से अवैध तरीके से रेत निकालकर उसका परिवहन कर रहे।
सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
अधिकारियों के अनुसार, नर्मदा नदी में अवैध खनन से पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो सकता है। इसी कारण प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।