Amitabh Bachchan को लेकर मंगलवार देर रात सोशल media पर अचानक ऐसी खबरें फैलने लगीं कि उन्हें मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर सामने आते ही करोड़ों फैंस चिंतित हो गए और बिग बी की सेहत को लेकर लगातार चर्चा शुरू हो गई। हालांकि अब सामने आई ताजा जानकारी ने उनके चाहने वालों को राहत दी है।
सिर्फ रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए पहुंचे थे अस्पताल
मीडिया रिपोर्ट्स और परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, अमिताभ बच्चन अस्पताल में भर्ती नहीं हुए थे। वह केवल नियमित मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि बिग बी समय-समय पर अपना हेल्थ चेकअप करवाते रहते हैं और इसी सिलसिले में वह नानावटी अस्पताल गए थे। जांच पूरी होने के बाद वह वापस अपने घर लौट आए। परिवार की ओर से भी साफ कर दिया गया है कि अभिनेता पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनकी तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही भर्ती वाली खबरें गलत हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं कई अफवाहें
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट्स में दावा किया गया था कि अमिताभ बच्चन पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि Abhishek Bachchan उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। वहीं कुछ अफवाहों में पेट से जुड़ी समस्या का जिक्र भी किया गया। हालांकि बाद में ये सभी दावे बेबुनियाद निकले और स्पष्ट हो गया कि बिग बी सिर्फ नियमित जांच के लिए अस्पताल पहुंचे थे।
ब्लॉग पोस्ट ने बढ़ाई फैंस की बेचैनी
इन खबरों के बीच अमिताभ बच्चन ने देर रात अपने ब्लॉग पर एक छोटा और रहस्यमयी पोस्ट शेयर किया। उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस अलग-अलग अंदाजे लगाने लगे। हालांकि अभिनेता ने अपनी सेहत को लेकर किसी तरह की आधिकारिक जानकारी पोस्ट में साझा नहीं की।
हर रविवार फैंस से मिलते हैं बिग बी
अमिताभ बच्चन अपने फैंस से जुड़े रहने के लिए जाने जाते हैं। वह सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव रहते हैं और अपने ब्लॉग के जरिए भी जिंदगी से जुड़े अनुभव साझा करते हैं। इसके अलावा वह लगभग हर रविवार अपने घर ‘जलसा’ के बाहर आकर फैंस का अभिवादन करते हैं। हाल ही में भी वह फैंस से मुलाकात करते दिखाई दिए थे।
57 साल से इंडस्ट्री पर राज कर रहे हैं अमिताभ बच्चन
साल 1969 में फिल्म Saat Hindustani से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अमिताभ बच्चन आज भी बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने फिल्मी सफर में 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है और कई यादगार किरदार निभाए हैं।
‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में दिखेंगे बिग बी
83 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन लगातार फिल्मों में सक्रिय हैं। वह जल्द ही Kalki 2898 AD के सीक्वल में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ Prabhas और Kamal Haasan भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।