कार्तिक और अगहन मास में भी निकलती है महाकाल की सवारी
बता दें कि सावन भादो मास की तरह कार्तिक और अगहन मास में भी बाबा महाकाल की सवारी निकाले जाने की परम्परा अनादि काल से चली आ रही है। इसी के चलते आज कार्तिक मास के सोमवार को बाबा महाकाल की दूसरी सवारी घूम घाम के साथ निकाली गई।
प्रजा का हाल जानने के लिए निकले
इसके पहले महाकाल मंदिर के सभा मंडप में बाबा महाकाल की विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। इसके बाद बाबा महाकाल को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। वहीं मन्दिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल द्वारा बाबा महाकाल को गार्ड आफ आनर दिया गया। इसके बाद बाबा महाकाल चांदी की पालकी में सवार होकर अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकले।
श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के मन महेश स्वरूप में किए दर्शन
इस दौरान प्रजा ने भी अपने राजा के स्वागत में पलक पांवड़े बिछा दिये।सवारी महाकाल घाटी,गुदरी चौराहा,बक्षी बाजार और रामानुज कोट होते हुए रामघाट पहुंची। जहां क्षिप्रा के जल से भगवान महाकाल का अभिषेक और पूजा अर्चना की गई। तत्पश्चात सवारी गणगौर दरवाजा, कार्तिक चौक, ढाबा रोड़, गोपाल मन्दिर और पटनी बाजार होते हुए वापस मन्दिर पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के मन महेश स्वरूप में दर्शन किये। सवारी में घुड सवार पुलिस दल, सशस्त्र पुलिस बल, पुलिस बैंड और भजन मंडलिया शामिल हुई।
आगे कब है सवारी
कार्तिक अगहन मास में निकलने वाली सवारी की बात करें तो कार्तिक अगहन की तीसरी सवारी 30 नवंबर, चौथी और अंतिम सवारी 7 दिसंबर को निकाली जाएगी। सावन भादव महीने में निकलने वाली सवारी की तरह इन सवारियों का भी काफी महत्व माना गया है।