उज्जैन : श्रावण और भाद्रपद मास के दौरान उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था लागू की है। नई व्यवस्था के तहत कांवड़ दलों को सप्ताह में केवल चार दिन यानि की मंगलवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को ही बाबा महाकाल के दर्शन की अनुमति दी जाएगी।
निर्धारित मार्ग से मिलेगा प्रवेश
मंदिर प्रशासन के अनुसार कांवड़ यात्रियों का प्रवेश निर्धारित मार्ग से कराया जाएगा। इसके लिए प्रवेश द्वार क्रमांक-1 और हरसिद्धि चौराहा स्थित विशेष मार्ग का उपयोग किया जाएगा, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे और भीड़ का बेहतर प्रबंधन किया जा सके।
सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मिलेगा दर्शन
वहीं शनिवार, रविवार और सोमवार को मंदिर में सामान्य श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने के कारण किसी भी कांवड़ दल को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने सभी कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं से निर्धारित दिनों और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि सभी को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से दर्शन का लाभ मिल सके।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रावण और भाद्रपद मास में निकलने वाली बाबा महाकाल की राजसी सवारियों को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. इस बार श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और बेहतर दर्शन कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इतना ही नहीं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किये जा रहे है।