IND vs PAK Asia Cup 2025 : भारत एशिया कप 2025 के फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगा, जो 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के 41 साल के इतिहास में भारत और पाकिस्तान के बीच यह पहला एशिया कप फाइनल होगा, जो इस मुकाबले में रोमांच का एक और स्तर जोड़ देगा।
सबसे ज्यादा बार भिड़ने वाली टीम:
एशिया कप इतिहास में सबसे ज्यादा बार आपस में फाइनल में भिड़ने का रिकॉर्ड भारत और श्रीलंका के नाम दर्ज है। दोनों टीमों की फाइनल में कुल 9 बार भिड़ंत हुई है। भारत और श्रीलंका ने एशिया कप के पिछले संस्करण का फाइनल खेला था। बता दें कि भारत टूर्नमामेंट की सफल टीम है, जिसने अब तक आठ खिताब जीते हैं। उसके बाद श्रीलंका (6 ट्रॉफी) है।
16 संस्करण में कभी नहीं खेला फाइनल:
भारत-पाकिस्तान की टीमें एशिया कप इतिहास में पहली बार आपस में खिताबी मुकाबला खेलेंगी। साल 1984 से टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा लेकिन पिछले 16 संस्करण में चिर प्रतिद्विंदी टीमों ने कभी आपस में फाइनल नहीं खेला था। भारतीय टीम दुबई में पाकिस्तान को रौंदकर नौवीं बार एशिया कप खिताब जीतने उतरेगी।
इंडिया का शानदार रिकॉर्ड:
भारत-पाक टी20 रिकॉर्ड भी काफी कुछ कहता है। दोनों के बीच खेले गए 15 मैचों में भारत ने 12 बार जीत हासिल की है। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक सिर्फ दो बार खिताब जीता है जबकि भारत 8 और श्रीलंका 6 बार चैंपियन बन चुका।पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में धीमी शुरुआत के बाद अब लय पकड़ रहा। बांग्लादेश के खिलाफ जीत ने उनका आत्मविश्वास लौटाया। अब अगर वे भारत को हराकर चैंपियन बनते हैं, तो यह उनकी क्रिकेट की गिरती साख को संभाल सकता है। लेकिन अगर तीसरी बार हार मिली, तो यह उनके लिए और भी निराशाजनक होगा।
भारत-पाक के बीच 41 साल बाद फाइनल:
भारत ने अब तक पाकिस्तान को एशिया कप 2025 में 2 बार हराया है। दोनों ही मैचों में टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा लेकिन असली चर्चा हुई खिलाड़ियों के बीच हाथ न मिलाने और मैदान पर बढ़ती तल्खी की। भारत ने सरकार की सलाह पर पाकिस्तान टीम से हैंडशेक करने से इनकार कर दिया, जिसके चलते आईसीसी की सुनवाई और जुर्माने तक की नौबत आई। ऐसे में यह फाइनल सिर्फ खेल नहीं बल्कि राजनीतिक दबावों के बीच खेली जा रही एक बड़ी जंग भी है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हाल ही में कहा था कि अब भारत-पाकिस्तान मैच कोई राइवलरी नहीं रही क्योंकि पिछले कुछ सालों में नतीजे एक तरफा रहे हैं। लेकिन फाइनल में हार उनके बयान पर सवाल खड़े कर सकती है। पाकिस्तान के लिए यह मैच उनके हालिया खराब दौर को ढकने का सुनहरा मौका है। फैंस के लिए भी यह फाइनल बेहद खास है। एशियन क्रिकेट काउंसिल को उम्मीद है कि स्टेडियम खचाखच भरेगा। आयोजकों का सपना रहा है कि एशिया कप का फाइनल भारत-पाकिस्तान के बीच हो और इस बार वह पूरा होने जा रहा।
इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर:
शुभमन गिल (भारत): इस टूर्नामेंट में 5 पारियों में उनका सबसे बड़ा स्कोर 47 रहा है। उन्होंने अच्छी शुरुआत की लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। फाइनल में उनसे निर्णायक पारी की उम्मीद रहेगी। इसके साथ ही भारत के लिए अच्छी खबर है कि जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे वापसी कर रहे हैं। हार्दिक पंड्या और अभिषेक शर्मा को भले ही हल्की चोट लगी हो लेकिन वे फाइनल में उपलब्ध रहेंगे। पाकिस्तान शायद अपने पिछले कॉम्बिनेशन को ही बरकरार रखेगा। अबरार अहमद (पाकिस्तान): 5.02 की शानदार इकॉनमी से गेंदबाजी कर रहे हैं। भारत के खिलाफ पहले मैच में किफायती रहे लेकिन दूसरे मैच में काफी महंगे साबित हुए। पाकिस्तान चाहेगा कि वह फाइनल में भारतीय बल्लेबाजों को रोक सकें।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: 1 अभिषेक शर्मा, 2 शुभमन गिल, 3 सूर्यकुमार यादव (कप्तान), 4 तिलक वर्मा, 5 संजू सैमसन (विकेटकीपर), 6 हार्दिक पंड्या, 7 शिवम दुबे, 8 अक्षर पटेल, 9 कुलदीप यादव, 10 वरुण चक्रवर्ती, 11 जसप्रीत बुमराह हैं । वहीं पाकिस्तान की टीम में 1 साहिबजादा फरहान, 2 फखर जमान, 3 सैम अयूब, 4 हुसैन तलत, 5 मोहम्मद नवाज, 6 सलमान आगा (कप्तान), 7 फहीम अशरफ, 8 मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), 9 शाहीन शाह अफरीदी, 10 हारिस रऊफ, 11 अबरार अहमद है।
कैसी होगी पिच:
दुबई में गर्मी अब भी चुभ रही। रात में तापमान 36 डिग्री तक रहेगा। नई पिच पर मैच खेला जाएगा और स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम हो सकती है। ओस का असर भी देखने को मिल सकता है।
4 फैक्टर्स तैय करेंगे रिजल्ट:
जानकारी के मुताबिक इस मैच में 4 फैक्टर्स मिलकर इसका रिजल्ट तय करेंगे। जिसमें पिच और टॉस से जुड़ा कनफ्यूजन, भारत की ओपनिंग जोड़ी, पाकिस्तान के तेज गेंदबाज, और भारत की स्पिन तिकड़ी अपनी अहम भूमिका निभाएगी।