इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर से हत्या का एक सनसनी खेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की। इसके बाद आरोपी ने खुद को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी । घटना परदेशीपुरा थाना क्षेत्र गली नंबर तीन की है। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से क्षेत्र में जहां हड़कप मच गया है। तो वही पुलिस ने केस दर्ज कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
घटना के समय घर में थे सिर्फ पति पत्नी
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया। घटना के समय घर में सिर्फ पति पत्नी थे और दोनों बच्चे दुकान गए हुए थे। वापस जब घर लौटे तो मां खून से सनी पड़ी हुई थी और पिता फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे
इधर, घटना को लेकर पड़ोसियों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। वही पुलिस को मौके पर कमरे में टूटी हुई चूड़ियां और सामान बिखरा हुआ भी मिला। जिसे देखकर यह तो साफ़ है कि दोनों के बीच पहले मारपीट हुई होगी, जिसके बाद पति ने पत्नी की हत्या कर दी।
परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था
पुलिस ने मृतक महिला की पहचान रोहिणी वाघ के रूप में की है। जबकि पति की पहचान एकनाथ वाघ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि एकनाथ पहले मैकेनिक का काम करता था और बाद में शेयर बाजार से जुड़ गया था। जिसमे गिरावट होने के कारण परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।