मैहर : शारदेय नवरात्र की शुरुआत होते ही मां शारदा के दर्शन के लिए मंदिर में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया है। आए दिन बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे है। इसी कड़ी में नवरात्रि मेला की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए रीवा जोन के IG गौरव राजपूत और DIG हेमंत सिंह चौहान मैहर पहुंचे और माता के दर्शन कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
IG ने पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के प्रयासों की सराहना
इस दौरान IG ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए मैहर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के प्रयासों की सराहना की। इसके बाद अधिकारियों ने नवरात्रि मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और पुलिस की तैनाती का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, एडिशनल एसपी चंचल नागर और CSP महेंद्र सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष व्यवस्था बेहतर
निरीक्षण के दौरान IG गौरव राजपूत ने व्यवस्थाओं को लेकर SP से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष व्यवस्थाओं में सुधार पर संतोष जताया। साथ ही कहा कि पुलिस और प्रशासन के आपसी समन्वय से नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
114 CCTV और 2 ड्रोन से रखी जा रही नजर
बता दें कि मैहर मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। सुरक्षा में जहां 600 से ज्यादा पुलिसकर्मियो को तैनात किया गया है। तो वही 114 CCTV और 2 ड्रोन से जगहे जगहे पर निगरानी रखी जा रही है। मेले के दौरान मैहर नगर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। नियमित यात्री बसों के संचालन के लिए दो अस्थायी पार्किंग बनाई गई हैं। सतना, नागौद और उचेहरा की ओर जाने वाली बसों को सतना रोड पर संथम स्कूल के सामने स्थित खाली मैदान में रोका जाएगा। इससे नगर के भीतर यातायात का दबाव कम रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।