राजेश सोनी, डबरा: ग्वालियर पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डबरा में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टेकनपुर के हाट बाजार में ग्वालियर क्राइम ब्रांच, डबरा सिटी और देहात थाना पुलिस ने एक संयुक्त और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया है।
पुड़िया बनाकर बेच रहा था गांजा
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि टेकनपुर के हाट बाजार में एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की तस्करी कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों को बेच रहा था। सूचना मिलते ही तीनों टीमों ने संयुक्त रूप से हाट बाजार में दबिश दी। पुलिस ने मौके से आरोपी को दबोचा और उसके पास मौजूद एक बैग की तलाशी ली। बैग के अंदर से 9 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा पाया गया, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया।
संयुक्त कार्रवाई से मिली सफलता
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे देहात थाना प्रभारी आईपीएस मनोज कुमार ने बताया कि यह पुलिस की सतर्कता का परिणाम है। ग्वालियर क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर डबरा सिटी और देहात पुलिस ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करी के 'बैकवर्ड लिंकेज' को तोड़ना है, ताकि यह पता चल सके कि गांजे की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन से सफेदपोश या तस्कर शामिल हैं।
इलाके में हड़कंप
हाट बाजार जैसे सार्वजनिक स्थान पर इतनी बड़ी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।