FSSAI Action: देश में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद प्राधिकरण ने पांच कंपनियों के फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। इन कंपनियों पर साफ-सफाई में लापरवाही, गलत तरीके से खाद्य उत्पादों का भंडारण, नियमों के विपरीत मैन्युफैक्चरिंग और भ्रामक जानकारी देने जैसे आरोप सामने आए हैं। जिन कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें वेदांत रेमेडीज प्राइवेट लिमिटेड, लुसिड हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स और एडोरियल हेल्थकेयर शामिल हैं। FSSAI ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत यह कदम उठाया है।
जांच में सामने आईं गंभीर खामियां
FSSAI की निरीक्षण टीमों को पांचों कंपनियों के परिसरों में अलग-अलग तरह की अनियमितताएं मिलीं। कहीं उत्पादन इकाइयों में गंदगी और खराब व्यवस्था थी, तो कहीं खाद्य पदार्थों को निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षित रखने की व्यवस्था नहीं थी। कुछ कंपनियां जरूरी लाइसेंस और मंजूरी के बिना ही कारोबार करती पाई गईं।
वेदांत रेमेडीज को मिला सिर्फ 12 प्रतिशत कंप्लायंस स्कोर
वेदांत रेमेडीज प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की बेहद खराब स्थिति सामने आई। भवन का ढांचा क्षतिग्रस्त था और कई जगह पानी जमा हुआ मिला। इसके अलावा पर्याप्त रोशनी नहीं थी और कीट नियंत्रण की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि AYUSH और FSSAI लाइसेंस के अंतर्गत आने वाली सामग्री को उचित पृथक्करण के बिना एक साथ रखा और प्रोसेस किया जा रहा था। परिसर में एक्सपायर्ड फूड फ्लेवरिंग सामग्री भी मिली। साथ ही वैध FSSAI लाइसेंस के बिना तैयार किए गए उत्पादों का मामला भी सामने आया। कंपनी का FoSCoS कंप्लायंस स्कोर महज 12 प्रतिशत दर्ज किया गया।
लुसिड हेल्थ केयर में भी नियमों की अनदेखी
लुसिड हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड के यहां भी खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई गंभीर उल्लंघन पाए गए। निरीक्षण के दौरान गंदगी, अनुचित स्टोरेज, रोशनी की कमी और कीट नियंत्रण में लापरवाही सामने आई। कंपनी के परिसर में आयुर्वेदिक और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों का निर्माण उचित सुरक्षा व्यवस्था के बिना किया जा रहा था। कर्मचारियों के लिए जरूरी स्वच्छता सुविधाओं का अभाव था और अनिवार्य FoSTaC प्रशिक्षण की व्यवस्था भी नहीं मिली। इसके अलावा, 10 री-लेबलर्स कंपनी के उत्पादों पर बिना वैध मंजूरी या अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) के दोबारा लेबल लगाते हुए पाए गए। इस कंपनी का कंप्लायंस स्कोर 27 प्रतिशत रहा।
एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर में मिली एक्सपायर्ड सामग्री
एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर के निरीक्षण में भी कई कमियां उजागर हुईं। परिसर की दीवारों और फर्श की स्थिति खराब थी। पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं था और कीटों के प्रवेश की आशंका बनी हुई थी। उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके अलावा एक्सपायर्ड सामग्री और उत्पादों को गलत तरीके से स्टोर करने की खामियां सामने आईं। कंपनी को जांच में 46 प्रतिशत कंप्लायंस स्कोर मिला।
विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स का लाइसेंस वाला परिसर मिला बंद
विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स के मामले में जांच अधिकारियों को कंपनी का लाइसेंस प्राप्त परिसर बंद मिला। मौके पर कोई अधिकृत कर्मचारी भी मौजूद नहीं था। जांच में पता चला कि कंपनी ने अपने कारोबार का स्थान बदल लिया था, लेकिन नए पते के लिए जरूरी लाइसेंस संशोधन या मंजूरी नहीं ली गई थी। इसके अलावा कंपनी का परिसर मीट प्रोसेसिंग करने वाली एक दूसरी फूड यूनिट के साथ साझा था।
एडोरियल हेल्थकेयर का लाइसेंस वाला पता भी नहीं मिला
एडोरियल हेल्थकेयर के खिलाफ जांच में सबसे अहम बात यह सामने आई कि कंपनी का लाइसेंस में दर्ज कारोबारी परिसर मौके पर मौजूद ही नहीं मिला। निरीक्षण के समय संबंधित स्थान पर निर्माण कार्य चल रहा था। जांच अधिकारियों को संपत्ति के मालिक ने कंपनी के साथ किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया। इसके बावजूद कंपनी का FSSAI लाइसेंस सक्रिय पाया गया। प्राधिकरण ने इस मामले में गलत और भ्रामक जानकारी देने से जुड़ी अनियमितताएं भी दर्ज कीं।
सुधार के नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं कंपनियां
FSSAI के मुताबिक, संबंधित कंपनियों को पहले भी खामियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। हालांकि कई मामलों में कारोबारियों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। कुछ कंपनियों ने सुधारात्मक कार्रवाई की रिपोर्ट भी जमा नहीं की और जिन मामलों में जवाब दिया गया, वहां भी जरूरी सुधारों के पर्याप्त प्रमाण नहीं मिले। गंभीर उल्लंघनों को देखते हुए प्राधिकरण ने पांचों कंपनियों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। FSSAI ने स्पष्ट किया है कि खाद्य कारोबार में स्वच्छता, सुरक्षित उत्पादन प्रक्रिया, सही लेबलिंग, वैध लाइसेंस और आवश्यक रिकॉर्ड का रखरखाव अनिवार्य है।
बिसलेरी के खिलाफ भी FSSAI की कानूनी कार्रवाई को मंजूरी
पांच कंपनियों पर कार्रवाई के बीच FSSAI ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड बिसलेरी को लेकर भी अहम कदम उठाया है। प्राधिकरण ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू करने की मंजूरी दी है। यह मामला पानी के एक सैंपल की जांच में सुरक्षा मानकों से जुड़ी खामियां सामने आने के बाद उठाया गया है। प्रारंभिक जांच में पानी के नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई थी। इसके बाद कंपनी की अपील पर सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। वहां जांच के दौरान पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी भी दर्ज की गई। इसके बाद सैंपल को दोबारा असुरक्षित घोषित किया गया।
बिसलेरी ने अपनी सफाई में क्या कहा?
बिसलेरी के अनुसार, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से संबंधित है। कंपनी का कहना है कि 30 सितंबर 2025 को FSSAI की ओर से कुल छह सैंपल लिए गए थे। इनमें से पांच नमूने सभी निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई थी। इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। कंपनी के मुताबिक, 22 नवंबर 2025 को अपील के बाद रेफरल लैबोरेटरी की जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर बताई गई, लेकिन रिपोर्ट में PAHs की मौजूदगी का भी उल्लेख किया गया। इसके बाद बिसलेरी ने उसी सैंपल की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र प्रयोगशाला से कराई। कंपनी का दावा है कि इस जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय मानकों के भीतर पाई गई। बिसलेरी ने बताया कि 2 फरवरी 2026 को स्वतंत्र लैब की रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय में जमा कराई गई थी। इसके बाद कंपनी को कोई नई सूचना नहीं मिली, जिसके चलते उसने माना कि मामला समाप्त हो गया है। कंपनी ने अपनी मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया का बचाव करते हुए कहा है कि वह उत्पादन के दौरान 10 चरणों में 90 से अधिक प्रकार के गुणवत्ता परीक्षण करती है। बिसलेरी ने अपने उत्पादों को पीने के लिए सुरक्षित बताया है।
खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त हुआ FSSAI
FSSAI की ताजा कार्रवाई से साफ है कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और पैकेजिंग में नियमों की अनदेखी करने वाली कंपनियों के खिलाफ प्राधिकरण सख्त रुख अपना रहा है। पांच कंपनियों के लाइसेंस निलंबन और बिसलेरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी ने खाद्य एवं पेय पदार्थ उद्योग में गुणवत्ता नियंत्रण और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।