भोपाल : भोपाल मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। 25 जुलाई से मेट्रो का नया परिचालन शेड्यूल लागू किया जा रहा है, जिसके तहत पीक आवर्स में यात्रियों को अब हर 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी। इसके लिए चार नई ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा, जो सुभाष नगर से एम्स स्टेशन के बीच चलेंगी।
दिनभर में 50 ट्रिप संचालित होंगी मेट्रो
नए शेड्यूल के लागू होने के बाद यात्रियों को पहले की तरह 75 मिनट तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सामान्य समय में मेट्रो हर 30 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेगी। चारों ट्रेनें दोनों दिशाओं में मिलकर प्रतिदिन 25-25 फेरे लगाएंगी, यानी दिनभर में करीब 50 ट्रिप संचालित होंगी।
दोनों ट्रैक पर दौड़ेगी मेट्रो
बता दें कि भोपाल में अभी तक मेट्रो केवल एक ही ट्रैक पर संचालित हो रही थी। लेकिन अब सिग्नलिंग सिस्टम लागु होने के बाद मेट्रो दोनों ट्रैक पर दौड़ेगी। जिससे यात्रियों का टाइम भी बचेगा और हर 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो उपलब्ध हो जाएगी।
25 जुलाई से बदलेगी मेट्रो की टाइमिंग
नई समय-सारणी के अनुसार पहली मेट्रो सुभाष नगर से सुबह 9 बजे और एम्स स्टेशन से सुबह 9.30 बजे रवाना होगी. वहीं अंतिम मेट्रो सुभाष नगर से शाम 6.30 बजे और एम्स से शाम 7 बजे चलेगी. सुबह 9 बजे से 10.30 बजे तक और शाम 5.30 बजे से 7 बजे तक पीक आवर्स में हर 15 मिनट पर मेट्रो उपलब्ध रहेगी, जबकि अन्य समय में हर 30 मिनट पर सेवा मिलेगी. दोनों दिशाओं को मिलाकर प्रतिदिन कुल 50 ट्रिप संचालित किए जाएंगे.
तेज और विश्वसनीय यात्रा का अनुभव होगा
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कार्पोरेशन का कहना है कि "नई परिचालन व्यवस्था, आधुनिक सिग्नलिंग, बेहतर ट्रेन फ्रीक्वेंसी, डिजिटल टिकटिंग और आकर्षक छूट योजनाओं के साथ भोपाल मेट्रो राजधानीवासियों को पहले से अधिक सुरक्षित, तेज और विश्वसनीय यात्रा का अनुभव देगी. नई व्यवस्था से शहर के सार्वजनिक परिवहन को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.