जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर के सिहोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महगवां खलरी में शुक्रवार को करंट लगने से 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।
बहु ने बिजली के तार में डाले थे गीले कपड़े
बताया जा रहा है कि घर के बाहर खुले बिजली के तार के पास बहू गीले कपड़े सुखाने के लिए डाल रही थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। उसे बचाने के प्रयास में पूर्व सरपंच और उनका बेटा भी बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में पूर्व सरपंच और बहू ने दम तोड़ दिया, जबकि बेटा गंभीर रूप से झुलस गया।
गांव में शोक का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।