भोपाल। पुरानी जेल स्थित स्ट्रांग रूम में मंगलवार सुबह तक मशीनें रखने का सिलसिला चलता रहा। पर्यवेक्षक, पार्टी प्रतिनिधियों, कलेक्टर की मौजूदगी में 3.50 बजे स्ट्रांग रूम को सील कर दिया गया। अंदर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी के साथ सीआरपीएफ का बल लगाया गया है। सौ से ज्यादा जवान ईवीएम की सुरक्षा में लगे हैं। प्रशासनिक अमला राउंड द क्लॉक ड्यूटी पर है। जेल के ऊपर एक छोटी चौकी स्थापित की गई है। बाहर दो लेयर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात है। जेल परिसर में बाहर दो स्तर पर बैरीकेड्स लगाए गए हैं, दूसरे घेरे में उसे ही एंट्री मिलेगी, जिसके पास पार्टी के पास होंगे। तीन लेयर की सुरक्षा में ईवीएम को रखी गई है।
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को राउंड द क्लाॅक सुरक्षा के लिए लगाया गया है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह का कहना है कि स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए अफसरों की राउंड द क्लॉक ड्यूटी लगाई गई है।
प्रतिनिधियों के लिए बनाया बैठक कक्ष
इस बार पार्टी प्रतिनिधियों के लिए मुख्य गेट के पास कक्ष में बैठने की व्यवस्था की है। वहीं पर एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई है। पिछली बार कांग्रेस पार्टी ने मुख्य गेट के सामने ही रजाई गद्दे डलवाकर कार्यकर्ताओं के लिए व्यवस्था की गई थी।