योगेश खरे, कटनी : कटनी पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला कारोबार के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक कपड़ा व्यापारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
3 करोड़ से अधिक का लेनदेन
एसपी ने जानकारी दी कि आरोपियों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से 3 करोड़ 29 लाख 24 हजार रुपए का लेनदेन किया गया था। जांच में सामने आया है कि कपड़ा व्यापारी ने अपने ही कर्मचारियों के नाम पर फर्जी तरीके से बैंक खाते खुलवाए थे, जिनका इस्तेमाल सट्टा और हवाला कारोबार में किया जा रहा था।
छत्तीसगढ़ से जुड़े सट्टे के नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के इस नेटवर्क के तार कांकेर (छत्तीसगढ़) से भी जुड़े हुए हैं। आरोपियों के पास से 5 लाख 92 हजार रुपए नकद, चेक बुक और एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी हुई है। कटनी पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।