MP Naxalites : एक करोड़ रुपए के ईनामी 4 नक्सलियों को बालाघाट में हॉकफोर्स के जवानों ने मार गिराया था। मुख्यमंत्री ने इस पर 64 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को क्रम पूर्व पदोन्नति प्रदान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मौके पर कहा कि राज्य सरकार नक्सलियों से निपटने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने नक्सलियों को चेतावनी दी कि या तो वे सरेंडर करें, नहीं तो मारे जाएंगे। मप्र की धरती पर अब एक भी नक्सली नहीं बचेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को बालाघाट के लांजी में आयोजित हॉकफोर्स के क्रम से पूर्व पदोन्नति अलंकरण समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने बैज लगाकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नत किया और बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष-2026 तक देशभर से नक्सलवाद के खात्मे का संकल्प लिया गया है। इसे पूरा करने के लिए मप्र सरकार भी केंद्र सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही है। इसी क्रम में बालाघाट जिले के पिछले दिनों नक्सल मुठभेड़ों में शामिल रहे पुलिस फोर्स, हॉक फोर्स और विशेष सशस्त्र बल के 64 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को क्रम पूर्व पदोन्नति प्रदान की गई है। राज्य सरकार का यह महत्वपूर्ण कदम पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि क्रम पूर्व पदोन्नति पुलिस इतिहास में स्वर्णिम क्षण है।
169 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह में जल गंगा संवर्धन अभियान में बालाघाट जिले में किए गए विकास कार्यों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने 169 करोड़ रुपए लागत के 93 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इनमें आयुर्वेदिक महाविद्यालय भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने बालाघाट में प्रदेश के 51 वें आयुर्वेदिक कॉलेज की नींव रखी। इस अवसर पर सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक लांजी राजकुमार कर्राहे, विधायक वारासिवनी विक्की पटेल, विधायक राजकिशोर कावरे नानू, विधायक गौरव पारधी उपस्थित रहे।
नक्सलियों पर था 1 करोड़ का इनाम
डीजीपी कैलाश मकवाना ने कहा कि वर्ष 1990 से बालाघाट नक्सलवाद से जूझ रहा है। केंद्र सरकार के संकल्प के अनुरूप वर्ष 2026 तक पूरी तरह से नक्सलवाद के खात्म के प्रयास जारी हैं। बालाघाट में नए पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति के साथ नए पुलिस कैंप स्थापित किए गए हैं। केंद्र सरकार ने नक्सल समस्या में बालाघाट और डिंडौरी की श्रेणी को न्यून किया है। सोमवार को 4 अलग-अलग प्रकरणों में शामिल पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों मुठभेड़ में एक साथ 4 महिला नक्सली धराशायी की गई थीं। बालाघाट में पिछले दिनों मारे गए नक्सलियों पर 1 करोड़ से भी अधिक राशि का इनाम घोषित था।