MP Morning News : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पेक्ट समिट में शामिल होंगे। सुबह 10 बजे कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे शाम 4:15 बजे भोपाल पहुंचेंगे। इसके बाद 4:30 बजे एक निजी स्कूल के कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 6:30 बजे भोपाल से वर्चुअल माध्यम से खजुराहो नृत्य समारोह और कृषि प्रदर्शनी से जुड़ेंगे।
भोपाल में नेशनल वाइल्ड लाइफ बोर्ड की बैठक
1 मार्च को भोपाल में नेशनल वाइल्ड लाइफ बोर्ड की स्टैंडिंग कमेटी की अहम बैठक आयोजित होगी। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव इसकी अध्यक्षता करेंगे। बैठक में देशभर के वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। मध्यप्रदेश के टाइगर रिजर्व और नेशनल पार्क से जुड़े प्रस्तावों के साथ-साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी मिलने की संभावना है।
आज विधानसभा में आम बजट पर चर्चा
इधर भोपाल में विधानसभा की कार्यवाही के दौरान आज आम बजट पर चर्चा होगी। बजट पर चर्चा के लिए चार घंटे का समय निर्धारित किया गया है। साथ ही तीन अशासकीय संकल्प भी पेश किए जाएंगे, जिनके लिए 30-30 मिनट का समय तय है। इसके अतिरिक्त 10 ध्यानाकर्षण और 74 याचिकाएं सदन में प्रस्तुत होंगी। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पटल पर पत्र रखेंगे।
‘औकात’ बयान पर सियासत जारी
विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को लेकर दिए गए ‘औकात’ बयान पर राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस ने विजयवर्गीय के बयान के खिलाफ प्रदर्शन की घोषणा की है। युवा कांग्रेस पीसीसी के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी और मंत्री का पुतला दहन कर इस्तीफे की मांग उठाएगी।