भोपाल : भारतीय जनता पार्टी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने की ऐतिहासिक उपलब्धि को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जिसका आयोजन मध्य प्रदेश सहित देशभर में किया जायेगा। साथ ही 23 जून से 6 जुलाई तक ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संस्मरण पखवाड़ा’ मनाया जाएगा। जिसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है।
सभी बूथों पर होगा ‘बूथ गौरव दिवस’ का आयोजन
इस दौरान प्रदेश के सभी बूथों पर ‘बूथ गौरव दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं और आमजन को डॉ. मुखर्जी के जीवन, विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित कराने के लिए विशेष वैचारिक व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनसंपर्क गतिविधियों को भी गति देना है।
प्रतिमा का किया जाएगा अनावरण
संस्मरण पखवाड़े के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक नगर और शहर में किसी प्रमुख चौराहे, उद्यान या मार्ग का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर किए जाने की योजना है। इसके अलावा उनकी प्रतिमा अथवा चित्र का अनावरण भी किया जाएगा।
धारा 370 की समाप्ति पर डाला जाएगा प्रकाश
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य धारा 370 की समाप्ति के ऐतिहासिक सफर पर प्रकाश डालना है। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में डॉ. मुखर्जी के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान, एक केंद्रीय मंत्री के रूप में उनकी कार्यशैली और भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में उनके ऐतिहासिक योगदान पर केंद्रित विशेष व्याख्यान दिए जाएंगे।