Bhopal Fraud : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शादी कराने के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। शुभ मंगल जोड़ी नाम से चल रहे एक कथित संस्थान पर आरोप है कि वह युवकों को विवाह का झांसा देकर उनसे पैसे वसूल रहा था। अब तक इस गिरोह के झांसे में आकर 10 से अधिक युवक ठगी का शिकार हो चुके हैं।
भेजी जाती थीं AI से बनी लड़कियों की तस्वीरें
जानकारी के अनुसार यह गिरोह खुद को दिल्ली स्थित संस्थान बताकर युवकों से संपर्क करता था। सबसे पहले व्हाट्सएप के माध्यम से लड़कियों की एआई (AI) से तैयार की गई तस्वीरें भेजी जाती थीं और शादी कराने का भरोसा दिया जाता था।
अलग-अलग बहाने से वसूले जाते थे पैसे
युवकों से शुरुआत में रजिस्ट्रेशन के नाम पर करीब 2000 रुपये लिए जाते थे। इसके बाद लड़की से बातचीत कराने के बहाने 5500 रुपये मांगे जाते थे। फिर सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर लगभग 7000 रुपये और वसूल लिए जाते थे।
गरीब युवकों को बनाते थे शिकार
बताया जा रहा है कि गिरोह खास तौर पर कमजोर और गरीब वर्ग के युवकों को निशाना बनाता था। पैसे लेने के बाद अचानक यह कह दिया जाता था कि युवक मांगलिक है, इसलिए शादी संभव नहीं है। इस तरह युवकों को ठग लिया जाता था।
पुलिस कमिश्नर से शिकायत
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित युवक के मालिक ने इस ठगी की जानकारी पुलिस कमिश्नर को दी और पूरे गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।