दुबई : भारत ने एशिया कप का खिताब जीता, लेकिन जीत के जश्न में ट्रॉफी नहीं मिली। पाकिस्तानी गृह मंत्री और एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से भारतीय टीम ने इंकार कर दिया। नकवी ट्रॉफी लेकर मैदान से चले गए, जिसके बाद बीसीसीआई ने नकवी को अल्टीमेटम दिया है और आईसीसी से शिकायत करने की बात कही है। एक अभूतपूर्व घटनाक्रम में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष के रूप में भारतीय क्रिकेट टीम को एशिया कप ट्रॉफी देने से इंकार कर दिया क्योंकि भारतीय टीम ने उनसे ट्रॉफी लेने से इंकार कर दिया था।
पांच विकेट से हराकर जीता एशिया कप:
रविवार को दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर भारत ने रोमांचक फाइनल में पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर एशिया कप जीत लेकर उसके बाद 90 मिनट तक पूरी तरह से नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। भारतीय खिलाड़ी तुरंत मैदान पर आ गए थे और कुछ के साथ उनके परिवार भी थे। कप्तान सूर्यकुमार यादव की पत्नी देविशा, मुख्य कोच गौतम गंभीर की पत्नी नताशा और बेटियां भी मैदान पर थे और सभी बहुत खुश दिख रहे थे। बीसीसीआई ने एसीसी से कहा था कि टीम नकवी से पुरस्कार नहीं लेगी जो भारत विरोधी रवैये के लिये जाने जाते हैं।
आईसीसी लेवल चार का लगाए अपराध:
नकवी ने कुछ दिन पहले ही एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो विमान क्रैश होने का इशारा करके गोल का जश्न मना रहे थे। नकवी का इशारा पाकिस्तान के उस दावे की ओर था कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद आपरेशन सिंदूर के दौरान उन्होंने भारत के छह जेट गिराये थे। पाकिस्तान की उस मांग के पीछे भी नकवी का हाथ था कि भारतीय सशस्त्र बलों और पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति एकजुटता दिखाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव पर आईसीसी लेवल चार का अपराध लगाये। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। फाइनल के बाद एक घंटे तक पाकिस्तानी खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम से नहीं आये। समझा जाता है कि भारतीय टीम मंच पर नकवी के अलावा किसी से भी ट्रॉफी लेने को तैयार थी।
व्यक्तिगत प्रायोजक पुरस्कारों का ऐलान:
दुबई स्पोटर्स सिटी के खालिद अल जरूनी भी मंच पर थे और ऐसी संभावना थी कि वह भारतीय टीम को ट्रॉफी देंगे। भारतीय टीम नकवी के रहते मंच पर जाने को तैयार नहीं थी और नकवी हटने को तैयार नहीं थे। बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, अगर नकवी जबर्दस्ती ट्रॉफी देने की कोशिश करते तो बीसीसीआई आधिकारिक शिकायत दर्ज करा देता। इस बीच मैच के बाद प्रस्तोता साइमन डाउल ने व्यक्तिगत प्रायोजक पुरस्कारों का ऐलान किया। इसके बाद पाकिस्तानी टीम ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल से अपने पुरस्कार लिये।
आईसीसी का नियम:
इसके बाद डाउल ने कहा, मुझे एशियाई क्रिकेट परिषद ने बताया है कि भारतीय टीम आज अपने पुरस्कार नहीं लेगी और मैच आईसीसी आचार संहिता के अंतर्गत आ सकता है लेकिन इसको लेकर कोई विशिष्ट नियम नहीं बना हुआ है। ये क्रिकेट की भावना के खिलाफ आ सकता है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को बताना पड़ेगा कि उन्होंने ट्रॉफी क्यों नहीं ली, फिर टूर्नामेंट की संस्था एसीसी या आईसीसी आईसीसी किसी कार्रवाई पर निर्णय लेगी।
9 वीं बार जीता खिताब:
भारतीय क्रिकेट टीम ने रिकॉर्ड नौंवी बार एशिया कप 2025 का खिताब जीता है। भारतीय टीम से ज्यादा किसी भी दूसरी टीम ने इस ट्रॉफी को नहीं जीता है। श्रीलंका की बात करें तो उसने 6 बार ट्रॉफी जीती है। पाकिस्तान की टीम आजतक इस खिताब को सिर्फ 2 बार जीत पाई है।
कड़ा विरोध दर्ज करेगा बीसीसीआई:
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड नवंबर में होने वाली एसीसी की बैठक में एसीसी प्रमुख और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज करेगा। बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने इसको लेकर कहा कि भारत उस व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता।
ट्रॉफी पर टीम इंडिया का हक:
एशिया कप 2025 की ट्रॉफी पर भारत का हक है, ये कोई यूं ही नहीं दे रहा बल्कि टीम इंडिया ने इसके लिए कड़ी मेहनत की और सभी प्रतिद्वंदी टीमों को हराया। किसी को भी हक नहीं है कि वह ट्रॉफी अपने साथ ले जा सके। अगर भारतीय प्लेयर्स मोहसिन नकवी से हाथ नहीं मिलाना चाहते, उनसे ट्रॉफी नहीं लेना चाहते और इसको लेकर कोई नियम भी नहीं है तो इसमें कोई खराबी नहीं है, लेकिन किसी टीम से उनकी जीती हुई ट्रॉफी का हक छीनना, वो ट्रॉफी अपने साथ ले जाना, ये बहुत ही गलत बात है।