पन्ना : मध्य प्रदेश के पन्ना में एक बार फिर खोदाई के दौरान एक बेशकीमती हीरा मिला है। इस हीरे की अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। 6.54 कैरेट का यह हीरा नोएडा निवासी मीणा सिंह को मिला है। जिसको लेकर महिला सहित परिवार में खुशी की लहर है।
जरुआपुर गांव की उथली खदान में मिला हीरा
बता दें कि ये हीरा जरुआपुर गांव की उथली हीरा खदान में खोदाई के दौरान मिला। जिसे महिला ने हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है। अब इसे आगामी हीरा नीलामी में शामिल किया जाएगा, जहां इसकी वास्तविक कीमत तय होगी।
अभी तक 15 छोटे-बड़े हीरे निकल चुके हैं
बताया जा रहा है कि मीणा सिंह के पति राणा सिंह वर्ष 2021 में कोरोना महामारी के बाद पन्ना आए थे। यहां के हीरा कारोबार और जमीन से निकलने वाले अनमोल रत्नों की कहानियों से प्रभावित होकर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में हीरा खदानों के पट्टे लेकर खनन कार्य शुरू किया। लगातार प्रयासों और धैर्य का परिणाम यह रहा कि अब तक उनकी खदानों से 15 छोटे-बड़े हीरे निकल चुके हैं।
लंबे इंतजार के बाद बड़ा और चमकदार हीरा प्राप्त हुआ
खदान की देखरेख कर रहे गौतम मिस्त्री ने बताया कि जरुआपुर क्षेत्र में मजदूरों की मदद से नियमित उत्खनन कराया जा रहा था। लंबे इंतजार के बाद खदान से यह बड़ा और चमकदार हीरा प्राप्त हुआ, जिसने सभी को उत्साहित कर दिया। उन्होंने बताया कि खदान का पट्टा मीणा सिंह के नाम पर लिया गया था और पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है।
उज्ज्वल श्रेणी का हीरा
हीरा विभाग के अधिकारियों ने भी हीरा मिलने की पुष्टि की है। जांच के बाद हीरे को कार्यालय में सुरक्षित जमा कर लिया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार यह उज्ज्वल श्रेणी का हीरा है, जिसकी गुणवत्ता काफी अच्छी मानी जा रही है। नीलामी के दौरान इसके लिए बेहतर बोली मिलने की संभावना जताई जा रही है।