भोपाल। सूखीसेवनिया थाना क्षेत्र स्थित देवलखेड़ी गांव में शनिवार शाम नवीं कक्षा की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के बाद परिजन को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार वंशिका मीणा पिता राजेश मीणा (16) गांव देवलखेड़ी, सूखीसेवनिया क्षेत्र में रहती थी। उसके पिता राजेश मीणा किसान हैं। राजेश मीणा ने बताया कि उनकी बेटी वंशिका नवीं कक्षा में पढ़ती थी। शनिवार दोपहर में उनकी पत्नी रिश्तेदारी में पड़ोस के गांव में गई थी। वे खेत पर थे।
उसे ऊपरी हवा का असर था
शाम करीब साढ़े 6 बजे घर लौटे तो वंशिका घर में फांसी लगा चुकी थी। वे वंशिका को फांसी के फंदे से उतारकर निजी अस्पताल पहुंचे, वहां डॉक्टर ने प्राथमिक जांच में ही वंशिका को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजन ने बताया कि वंशिका को अक्सर पेट में दर्द रहता था। उसका इलाज भी करा रहे थे। इसके अलावा परिजन ने यह भी बताया कि उसे ऊपरी हवा का असर था।