भोपाल। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में दीपावली से पहले कैबिनेट की आखिरी बैठक संपन्न हुई। जिसमे धान खरीदी के रजिस्ट्रेशन की तारीख आगे बढ़ाने के साथ ही 23 हजार 288 करोड़ रुपये के कार्यों की निरंतरता को मंजूरी दी गई। जिसकी जानकारी खुद कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप ने मीडिया को दी।
मध्यप्रदेश में बनेंगे 15 नए सैटेलाइट टाउन
बैठक में प्रदेश में 15 नए सैटेलाइट टाउन विकसित करने की योजना पर भी जानकारी दी गई। वहीं, धान उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 4 नवंबर करने पर सहमति बनी है।
लोगों को निशुल्क रजिस्ट्री की सुविधा दी जा रही
ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति रजिस्ट्री को लेकर सरकार ने 15 नवंबर तक 20 लाख रजिस्ट्रियों का लक्ष्य रखा है। अब तक करीब 15 लाख रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं। इस योजना के तहत लोगों को निशुल्क रजिस्ट्री की सुविधा दी जा रही है।
18 नवंबर को गांधी सागर डेम पर होगी कैबिनेट बैठक
मंत्री ने बताया कि अगली कैबिनेट बैठक 18 नवंबर को गांधी सागर डेम पर होगी। इसे डेस्टिनेशन कैबिनेट के रूप में आयोजित किया जाएगा। बैठक में किसान और उद्योग वर्ष से जुड़े विषयों पर विशेष फोकस रहेगा।
बिरसा मुंडा जयंती पर तीन स्थानों पर होंगे बड़े कार्यक्रम
इसके अलावा 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेश में तीन स्थानों पर बड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री ने दीपावली और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से त्योहारों पर स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।