राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे हाई-प्रोफाइल AI Impact Summit के दौरान गुरुवार को अचानक राजनीतिक हंगामा खड़ा हो गया। यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता सुरक्षा व्यवस्था को भेदते हुए सम्मेलन परिसर के भीतर पहुंच गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
प्रदर्शन के दौरान “PM is Compromised” जैसे नारे लगाए गए, जिससे आयोजन स्थल पर मौजूद देश-विदेश के प्रतिनिधियों और मेहमानों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी बैनर और पोस्टर लेकर मुख्य हॉल के नजदीक तक पहुंच गए थे।
सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें परिसर से बाहर निकाला। दिल्ली पुलिस के अनुसार, करीब 10 लोग इस विरोध में शामिल थे, जिनमें से 4–5 को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को तिलक मार्ग थाना ले जाया गया है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
QR कोड एंट्री से अंदर पहुंचे, जांच के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रदर्शनकारी QR कोड आधारित एंट्री सिस्टम के जरिए सम्मेलन स्थल के भीतर दाखिल हुए थे। अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि कड़े सुरक्षा इंतजामों के बावजूद कार्यकर्ता अंदर तक कैसे पहुंच पाए।
बीजेपी का कांग्रेस पर हमला
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसे “राष्ट्रीय शर्म” बताया। उन्होंने कहा कि जब भारत वैश्विक मंच पर तकनीकी नेतृत्व का प्रदर्शन कर रहा है, तब इस तरह का विरोध देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है।
ग्लोबल साउथ का पहला बड़ा AI सम्मेलन
गौरतलब है कि यह सम्मेलन ग्लोबल साउथ में भारत द्वारा आयोजित पहला वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन है, जिसमें 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, 60 से ज्यादा मंत्री और 500 से अधिक वैश्विक एआई विशेषज्ञ, नीति-निर्माता और उद्योग प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। यह आयोजन इंडिया एआई मिशन और डिजिटल इंडिया पहल के तहत वैश्विक एआई सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।