MP Yuva MLA Conference: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित युवा विधायक सम्मेलन का समापन समारोह विचार-विमर्श के साथ संपन्न हुआ। समापन के मौके पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने संबोधित करते हुए कहा कि दो दिनों तक चले इस सम्मेलन में संवाद और सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र की जीवंतता का प्रतीक है।
विधायकों का किया अभिनंदन
नरेंद्र सिंह तोमर ने मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ से आए सभी युवा विधायकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके विचार और अनुभव इस आयोजन को सार्थक और प्रभावशाली बनाते हैं। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक और सजग नागरिक सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। यही नागरिक चेतना लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाती है।
आंदोलनों का दिया उदहारण
वैश्विक परिप्रेक्ष्य का जिक्र करते हुए उन्होंने नेपाल में हाल के वर्षों में हुए युवा आंदोलनों का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि वहां युवाओं द्वारा सोशल मीडिया प्रतिबंध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और प्रशासनिक अव्यवस्था के खिलाफ व्यापक विरोध देखने को मिला। इसी तरह बांग्लादेश और श्रीलंका में भी युवाओं के आंदोलन सामने आए।
युवा निभा रहे सक्रिय भूमिका
उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों की तुलना में भारत की स्थिति अलग और सकारात्मक है, जहां युवा आक्रोश के बजाय राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के युवा नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के विजन को साकार करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। सम्मेलन का समापन भविष्य की राजनीतिक दिशा और युवाओं की भूमिका को लेकर सकारात्मक संदेश के साथ हुआ।