Datia By-Election: मध्यप्रदेश में दतिया विधानसभा उपचुनाव की घोषणा के बाद राजधानी भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता कैलाश विजयवर्गीय ने दतिया उपचुनाव, नरोत्तम मिश्रा की उम्मीदवारी और कांग्रेस के मौन सत्याग्रह समेत कई मुद्दों पर मीडिया से खुलकर बात की।
दतिया में खिलेगा कमल
दतिया उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर कैलाश विजयवर्गीय ने पार्टी की जीत का दावा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस चुनाव को पूरी मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा है कि बीजेपी इस उपचुनाव में अपना दमदार उम्मीदवार खड़ा करेगी और हम यह सीट बड़े अंतर से जीतेंगे।
नरोत्तम होंगे प्रत्याशी?
जब मीडिया ने उनसे सवाल किया कि क्या पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ही भाजपा के उम्मीदवार होंगे? तो विजयवर्गीय ने सस्पेंस बरकरार रखते हुए कहा, इस बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उनके इस बयान से साफ है कि प्रत्याशी के नाम पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में मंथन चल रहा है और अंतिम मुहर लगना अभी बाकी है।
नियमों से चलता है चुनाव आयोग
उपचुनाव की टाइमिंग को लेकर विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर स्तर पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थीं और अड़चनें डालने की कोशिश की थी। लेकिन निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संस्था है और वह पूरी समय-सीमा और तय नियमों के अंदर ही चुनाव संपन्न करवाता है। कांग्रेस द्वारा मीडिया के खिलाफ किए जा रहे तीन दिवसीय मौन सत्याग्रह पर कैलाश विजयवर्गीय ने पलटवार करते हुए कहा कि यह मौन सत्याग्रह कुछ और नहीं, बल्कि मीडिया को डराने, धमकाने और दबाने की कांग्रेस की पुरानी कोशिश है। कांग्रेस का यह रवैया नया नहीं है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी देश में आपातकाल के दौरान ठीक यही काम किया था।
सियासी मायने
कैलाश विजयवर्गीय के इस बयान से साफ है कि भाजपा दतिया उपचुनाव को लेकर बेहद गंभीर है। नरोत्तम मिश्रा के नाम पर जल्दबाजी की बात कहकर उन्होंने सस्पेंस तो बढ़ाया है, लेकिन साथ ही कांग्रेस पर हमलावर होकर चुनाव से ठीक पहले भाजपा के आक्रामक तेवर भी साफ कर दिए हैं।
उमंग सिंघार का बयान
दतिया उपचुनाव की घोषणा पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव आयोग जल्दबाजी में चुनाव कराना चाहता है। निर्मला स्प्रे पर फैसला नहीं आता, नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ चुनाव याचिका वर्षों पेंडिंग रही। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लगेगी और फिर जीत दर्ज करेगी।
.png)