US-Bangladesh Trade Deal: अमेरिका और बांग्लादेश के बीच हुए नए द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत बांग्लादेशी निर्यात पर लगने वाला रेसिप्रोकल टैरिफ घटाकर 19 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके साथ ही अमेरिकी कच्चे माल से तैयार कुछ बांग्लादेशी कपड़ा-परिधान उत्पादों को ड्यूटी-फ्री एंट्री देने पर भी सहमति बनी है। बांग्लादेश के अंतरिम प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने सोमवार को इस समझौते की जानकारी देते हुए कहा कि यह फैसला देश में रोजगार बचाने और वैश्विक टेक्सटाइल सप्लाई चेन में बांग्लादेश की स्थिति मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।
37% प्रस्ताव से 19% तक पहुंचा टैरिफ:
अमेरिका ने अप्रैल में बांग्लादेशी निर्यात पर 37 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा था। अगस्त में बातचीत के बाद इसे घटाकर 20 प्रतिशत किया गया। अब नए समझौते में इसे और कम कर 19 प्रतिशत तय किया गया है। करीब नौ महीने चली वार्ता के बाद यह सहमति बन सकी।
समझौते पर किन-किन ने किए हस्ताक्षर:
आधिकारिक जानकारी के अनुसार बांग्लादेश की ओर से वाणिज्य सलाहकार शेख बशीर उद्दीन और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार खलीलुर रहमान ने दस्तखत किए। अमेरिका की ओर से ट्रेड प्रतिनिधि एंबेसडर जैमीसन ग्रीर ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। व्हाइट हाउस ने भी पुष्टि की कि दोनों देश गैर-टैरिफ बाधाएं कम करने पर सहमत हुए हैं।
चुनाव से पहले आर्थिक स्थिरता का संदेश:
यह समझौता ऐसे समय सामने आया है जब बांग्लादेश में गुरुवार को चुनाव होने हैं। अगस्त 2024 से देश में अंतरिम सरकार काम कर रही है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत में हैं। चुनाव से पहले हिंसा की घटनाओं में महिलाओं सहित 40 से अधिक लोग घायल होने की खबर है। ऐसे माहौल में अंतरिम सरकार व्यापार और अर्थव्यवस्था को स्थिर दिखाने की कोशिश कर रही है, जिसमें यह समझौता अहम माना जा रहा है।