Under-19 World Cup: 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारतीय टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए खिताबी मुकाबले को एकतरफा बना दिया है। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इस लक्ष्य के साथ भारत ने इंग्लैंड के सामने 412 रनों की लगभग असंभव चुनौती रख दी है।
भारतीय पारी के केंद्र में रहे 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया। वैभव ने महज 55 गेंदों में शतक जड़ दिया और 80 गेंदों में 175 रन की यादगार पारी खेली। उनकी इस पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे, वहीं उन्होंने अपने कुल रनों में से 150 रन केवल बाउंड्री के जरिए बनाए। फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में उनका यह आक्रामक अंदाज़ इंग्लैंड के गेंदबाज़ों पर पूरी तरह हावी रहा।
Under-19 World Cup: इस पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे तेज शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इसके अलावा, वह टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ भी बन गए हैं। फाइनल में शतक जड़ने वाले वह तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं, इससे पहले यह कारनामा उन्मुक्त चंद और मनजोत कालड़ा कर चुके हैं।
भारतीय टीम की शुरुआत भले ही जल्दी विकेट गिरने से थोड़ी लड़खड़ाई, लेकिन इसके बाद कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी ने पारी को मजबूती दी। दोनों के बीच अहम साझेदारी देखने को मिली, जिसने भारत को बड़े स्कोर की ओर बढ़ाया। मध्यक्रम में भी भारतीय बल्लेबाज़ों ने जिम्मेदारी निभाई और रन गति को बनाए रखा, जिससे इंग्लैंड को वापसी का कोई मौका नहीं मिला।
Under-19 World Cup: इंग्लैंड की ओर से कुछ गेंदबाज़ों को विकेट जरूर मिले, लेकिन भारतीय बल्लेबाज़ों के आक्रामक रवैये के सामने उनका असर सीमित ही रहा। लगातार दबाव में रही इंग्लिश गेंदबाज़ी भारतीय स्कोर को रोकने में नाकाम साबित हुई।
अब फाइनल में इंग्लैंड के सामने 412 रनों का विशाल लक्ष्य है, जिसे हासिल करना बेहद कठिन नजर आ रहा है। भारतीय टीम ने इस रिकॉर्ड स्कोर के साथ न केवल ट्रॉफी पर मजबूत पकड़ बना ली है, बल्कि अंडर-19 क्रिकेट में अपनी दबदबा भी एक बार फिर साबित कर दिया है।