बैतूल : मध्यप्रदेश में मानसून के दस्तक के बाद से प्रदश में बारिश और हादसों का दौर शुरू हो गया है। नदी नाले उफान में होने के चलते लोग आए दिन हादसों का शिकार हो रहे है। इसी कड़ी में एक दुखद हादसे की खबर बैतूल के चिचोली थाना क्षेत्र से सामने आई है। जहां रपटा पार करने सामने दो युवकों की पानी में बहने के चलते मौत हो गई। जिनका शव आज सुबह कुंवर देव टेकड़ा के पास झाड़ियों में मिला।
दोनों मृतक सोमवार शाम देवपुर से सिप्लाई लौट रहे थे
बताया जा रहा है कि सिप्लाई निवासी 42 वर्षीय राजेश बिहारे और 40 वर्षीय दद्दू धुर्वे सोमवार शाम देवपुर से सिप्लाई लौट रहे थे। इस दौरान चंपा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से रपटा पानी में डूब गया था। बावजूद इसके दोनों ने बहते पानी के बीच बाइक लेकर रपटा पार करने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव होने के चलते दोनों बाइक समेत बह गए।
गलत फैसले ने ली जान
हालांकि इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें रोकने का बहुत प्रयास किया। लेकिन वो नहीं माने और दोनों ने नदी पार करने का जोखिम उठाया और यही फैसला उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।