दतिया ; मध्य प्रदेश के दतिया में शनिवार सुबह माता रतनगढ़ के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 2 महिलाओं की मौत हो गई। जबकि 17 लोग घायल हो गए। जिनमे से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
देव पार्किंग के आगे एक मोड़ पर हुआ हादसा
हादसा मंदिर के रास्ते में दूल्हा देव पार्किंग के आगे एक मोड़ पर हुआ। जिसकी चीख पुकार सुन आस पास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
अनियंत्रित होकर पलट गई ट्रॉली
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर तेज रफ़्तार में होने के चलते अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में करीब 20 से 22 लोग सवार थे। जिनमे से 2 की मौत हो गई। जबकि 17 लोग घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
हादसे में इनकी गई जान
हादसे में जिनकी मौत हुई उनकी पहचान पुलिस ने गायत्री देवी और मीरा देवी के रूप में की है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सभी श्रद्धालु भिंड जिले के भीकमपुरा गांव के रहने वाले
बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु भिंड जिले के भीकमपुरा गांव के रहने वाले हैं। जिनमे से कुछ घायल श्रद्धालुओं को दतिया जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है, जबकि कुछ श्रद्धालुओं को ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। वही पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।