Shatak Movie Trailer: फिल्म ‘शतक: संघ के 100 वर्ष’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज़ हो गया है। ट्रेलर को बॉलीवुड स्टार अजय देवगन की प्रभावशाली आवाज़ ने खास बना दिया है, जो कहानी में गहराई और भावनात्मक जुड़ाव पैदा करती है। यह फिल्म राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा, उसकी विचारधारा और सामाजिक योगदान को दर्शाती है। फिल्म 20 फरवरी 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
‘शतक’ का दमदार ट्रेलर:
ट्रेलर में त्याग, संघर्ष और राष्ट्र-प्रथम की भावना से जुड़ी एक सदी की यात्रा को दृश्य रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसमें उन स्वयंसेवकों को श्रद्धांजलि दी गई है जिन्होंने अनुशासन, सेवा और समर्पण के साथ समाज और राष्ट्र के लिए अपना जीवन समर्पित किया। फिल्म में यह भी दिखाया गया है कि समय के साथ समाप्त मान ली गई विचारधारा कैसे हर पीढ़ी में और मजबूत होती गई। एम. एस. गोलवलकर के विचारों से प्रेरित संदेश ट्रेलर में प्रमुख रूप से उभरता है, जिसमें संगठन को “समय की तरह अटूट” बताया गया है।
इतिहास के साथ नजरिए की प्रस्तुति:
यह फिल्म केवल घटनाओं का इतिहास नहीं दिखाती, बल्कि लंबे समय से बनी धारणाओं और गलतफहमियों पर भी अपना पक्ष रखती है। संघ से जुड़े दस्तावेज़ों, साहित्य और ऐतिहासिक संदर्भों के आधार पर तैयार की गई यह कहानी उन योगदानों को सामने लाने का प्रयास करती है जिन्हें अक्सर कम चर्चा मिलती रही है।
अजय देवगन ने दी आवाज:
फिल्म से जुड़ने पर अजय देवगन ने कहा कि आरएसएस के 100 वर्ष केवल समय का पड़ाव नहीं, बल्कि कई पीढ़ियों के त्याग, सेवा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक हैं। उन्होंने इस कहानी को अपनी आवाज़ देना सम्मान की बात बताया और कहा कि यह सिर्फ एक संगठन नहीं, बल्कि एक सतत विचार की यात्रा है।
रिलीज़ डेट और निर्माण टीम:
फिल्म ‘शतक: संघ के 100 वर्ष’ का निर्माण Panorama Studios के सहयोग से किया गया है। निर्माता वीर कपूर, निर्देशक आशीष मल्ल, सह-निर्माता आशीष तिवारी, यह फिल्म 20 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी, जबकि इसका ट्रेलर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा चुका है।