उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन में सावन माह के तीसरे सोमवार पर आज बाबा महाकाल की भव्य सवारी निकाली जाएगी। यह सवारी शाम 04 बजे निकलेगी। जिसमे महाकाल चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में पालकी पर सवार होकर श्रद्धालुओं को दर्शन देने के लिए निकलेंगे। सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो सकते है। जिसको लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए है।
मुख्य द्वार पर दी जाएगी सलामी
सवारी से पहले श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभा मंडप में भगवान चंद्रमौलेश्वर का विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के बाद भगवान को पालकी में विराजित किया जाएगा। इसके बाद सवारी मंदिर परिसर से निकलकर निर्धारित मार्गों से होते हुए नगर भ्रमण करेगी। हालांकि इसके पहले मुख्य द्वार पर सशस्त्र बलों की टुकड़ी उन्हें सलामी देगी। सवारी में घुड़सवार पुलिस दल, होमगार्ड के जवान, सशस्त्र पुलिस बल, भजन मंडली और पुलिस बैंड शामिल रहेगा।
इन स्वरूपों में बाबा देंगे दर्शन
इस बार सवारी में बाबा महाकाल के विभिन्न स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। हाथी पर मन महेश स्वरूप और गरुड़ रथ पर शिव तांडव स्वरूप विराजमान रहेगा। बता दें कि यह सवारी मंदिर से शिप्रा तट रामघाट पर पहुंचेगी, जहां पर भगवान महाकाल का क्षिप्रा के जल से अभिषेक एवं पूजा-अर्चना होगा. पूजन-अर्चन के बाद सवारी निर्धारित मार्ग से होते हुए पुनः श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी।