Ladli Behna Yojana : मध्य प्रदेश का बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे देश का पहला रोलिंग बजट बताते हुए कहा कि इसमें आगामी दो सालों की रूपरेखा तय की गई है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 4 लाख 38 हजार 317 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और यह बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास को गति देगा।
किसानों को सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026–27 को कृषि को समर्पित किया गया है। किसान कल्याण के लिए 1 लाख 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि का प्रावधान किया गया है। उनका दावा है कि राज्य लगभग 30 प्रतिशत की विकास दर से आगे बढ़ रहा है और पूंजीगत व्यय में बेहतर प्रबंधन किया गया है।
बढ़ेगी लाडली बहना योजना की राशि
डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी योजना को बंद नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाई जाएगी और सरकार अपने सभी वादों को पूरा करेगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि सरकार बनने के बाद से अब तक एक रुपये का भी नया टैक्स नहीं बढ़ाया गया है और कर प्रबंधन को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है।
रोजगार को लेकर कई प्रावधान
मुख्यमंत्री ने रोजगार सृजन को लेकर भी कई प्रावधान किए जाने की बात कही। पर्यटन क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में सबसे अधिक पर्यटक मध्य प्रदेश आए हैं और आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ेगी। वन्यजीव संरक्षण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चीता परिवार का विस्तार हो रहा है और जंगली भैंसों का आगमन भी हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम किया जा सके।