उमरिया/शहडोल। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में लगातार हो रही बारिश का असर अब प्रमुख जलाशयों पर साफ दिखाई देने लगा है। उमरिया और शहडोल जिले में बढ़ती जल आवक को देखते हुए दो बड़े बांधों से पानी की निकासी शुरू की गई है। साथ ही प्रशासन ने नदी और जलाशयों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
गेट करीब दो-दो मीटर तक खोले गए
उमरिया जिले में पिछले तीन दिनों से बारिश का दौर जारी है। इसके चलते संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम का जलस्तर बढ़ गया। पानी की आवक को नियंत्रित करने के लिए डैम के चार गेट खोले गए हैं। सभी गेट करीब दो-दो मीटर तक खोले गए हैं। पानी छोड़े जाने के बाद परियोजना प्रबंधन और प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।
48 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश
वहीं शहडोल जिले में भी बीते 48 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के कारण बाणसागर बांध में पानी की आवक बढ़ने के बाद शनिवार दोपहर 12 बजे 18 में से 12 गेट खोल दिए गए। बताया जा रहा है कि करीब छह साल बाद बाणसागर बांध के 12 गेट एक साथ खोले गए हैं।
7243 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा
बांध के गेट नंबर 4 से 15 तक कुल 12 रेडियल गेट तीन-तीन मीटर खोले गए हैं। इनसे स्पिलवे के जरिए करीब 7243 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा पावर हाउस, हेड रेगुलेटर, आरबीसी और भितरी से भी पानी की निकासी जारी है। नदी किनारे बसे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।