मुकेश प्रजापति, सीहोर: सीहोर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लाडकुई कस्बे में हुई एक सनसनीखेज चोरी का खुलासा मात्र एक दिन के भीतर कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को दबोचकर उनके पास से चोरी गया शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक पुराना शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं।
टीन शेड हटाकर घर में घुसे थे चोर
घटना 12 और 13 अप्रैल की दरमियानी रात की है। फरियादी श्याम सिंह ठाकुर (निवासी लाडकुई) के घर को चोरों ने उस वक्त निशाना बनाया जब परिवार सो रहा था। चोरों ने घर की छत पर लगे टीन के चद्दर हटाए और अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने घर से दो भारत गैस सिलेंडर, एक पीतल की बटलोई और करीब 40 किलो वजन का एक पुश्तैनी बड़ा पीतल का हंडा पार कर दिया था। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 1 लाख 7 हजार रुपये आंकी गई थी। 15 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस एक्शन मोड में आ गई।
मुखबिर से बिछाया जाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीहोर दीपक कुमार शुक्ला के द्वारा तत्काल अज्ञात आरोपी की तलाश कर माल बरामद करने हेतु निर्देशित किया गया था, निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत एवं एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम दांगी के नेतृत्व में लाडकुई चौकी की एक टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र का सहारा लिया। जल्द ही पुलिस को सूचना मिली कि कस्बे के ही तीन संदिग्धों कपिल कुमार गोयल, राहुल बनवारी और शिवराज वर्मा ने इस घटना को अंजाम दिया है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों संदेहियों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने शिवराज वर्मा (27 वर्ष) निवासी सुनेड़ रोड, लाडकुई, राहुल बनवारी (27 वर्ष) निवासी हरिजन मोहल्ला, लाडकुई और कपिल कुमार गोयल (38 वर्ष) निवासी लाडकुई को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के घरों से चोरी किया गया पूरा सामान सुरक्षित जप्त कर लिया है।
पुलिस टीम की सराहना
इस कार्रवाई में लाडकुई चौकी प्रभारी राजेश यादव, प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह, आरक्षक बसंत मीणा और प्रकाश नर्रे की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता से कस्बे के नागरिकों ने राहत की सांस ली है।