राजेश सोनी, डबरा : हाईकोर्ट परिसर में भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर निकाली जा रही भीम आर्मी की संकल्प यात्रा को पुलिस ने जिले की सीमा पर रोक दिया। यात्रा को आगे बढ़ने से रोकने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी देखने को मिली।
ग्वालियर जा रही थी यात्रा
जानकारी के अनुसार भीम आर्मी की यह संकल्प यात्रा दतिया जिले से ग्वालियर की ओर बढ़ रही थी। यात्रा का नेतृत्व भीम आर्मी नेता दामोदर यादव मंडल कर रहे थे। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की, पुलिस प्रशासन ने उन्हें बॉर्डर पर ही रोक दिया।
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
यात्रा को रोकने के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
कार्यकर्ताओं को भेजा अस्थायी जेल
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और बसों में बैठाकर अस्थायी जेल भेज दिया। प्रशासन का कहना है कि सभी के खिलाफ जमानती कार्रवाई की जाएगी और बाद में उन्हें रिहा किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
इस दौरान भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं नेता दामोदर यादव ने भी इस मामले को लेकर सरकार और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर भी निशाना साधा।