उज्जैन : महाशिवरात्रि पर हर साल बाबा महाकाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उज्जैन पहुंचते है। जिसकी वजह से शहर में ट्रैफिक जाम हो जाता है और लोगों को घंटों तक ट्रैफिक में फसा रहना पड़ता है। ऐसे में ट्रैफिक की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए शहर में डबल डेकर बस सुविधा शुरू की जा रही है। जिसमे यात्रियों के लिए आगामी 3 दिनों तक सफर फ्री होगा।
बस पूरी तरह से इलेक्ट्रिक
यह बस पूरी तरह इलेक्ट्रिक है, यानी इससे प्रदूषण भी नहीं होगा। बस में ऊपर और नीचे दो स्तर पर बैठने की सुविधा है, जिससे अधिक यात्रियों को एक साथ ले जाया जा सकेगा। खास बात यह है कि यह बस शहर के उन रूटों पर चलेगी जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकाल मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों तक पहुंचते हैं।
खास श्रद्धालुओं के लिए चलाई जा रही बस
बस का इंटीरियर भी काफी आधुनिक है। इसमें आरामदायक सीटें, चौड़े शीशे और सुरक्षित चढ़ने-उतरने की सुविधा दी गई है, ताकि बुजुर्ग और महिलाएं भी आसानी से सफर कर सकें। यह बस एक निजी कंपनी की है। जो महाशिवरात्रि पर खास श्रद्धालुओं के लिए चलाई जा रही है। यह बस चेन्नई से लाई गई है। जिसमे सफर करने के लिए लोग काफी बेताब है।
भीड़ को संभालने प्रशासन की खास तैयारी
इस बार प्रशासन ने भीड़ को संभालने के लिए कई तरह के इंतजाम किए हैं। पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, पैदल मार्ग और बस सेवाओं को बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है। डबल डेकर बस इसी तैयारी का हिस्सा मानी जा रही है।