राजेश सोनी, डबरा : डबरा रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत एक सराहनीय कार्य सामने आया है, जहां गाड़ी संख्या 11058 अमृतसर-दादर एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला यात्री का छूटा हुआ बैग डबरा स्टेशन पर बरामद कर सुरक्षित रूप से लौटाया गया।
ग्वालियर पोस्ट से प्राप्त सूचना के आधार पर डबरा आउटपोस्ट की टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और यात्री की कीमती सामग्री को सुरक्षित उनके परिजन तक पहुंचाया। इस मानवीय कार्य की महिला यात्री ने प्रशंसा की।
ट्रेन में छूट गया था बैग
जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को ग्वालियर पोस्ट से सूचना मिली कि कोच नंबर M-4, बर्थ नंबर 18 पर यात्रा कर रही एक महिला का बैग ट्रेन में छूट गया है। सूचना मिलते ही डबरा स्टेशन पर तैनात आरक्षक धर्मवीर सिंह ने ट्रेन के पहुंचते ही कोच को चेक किया और बताए गए हुलिए के अनुसार बर्थ के नीचे से बैग बरामद कर आरपीएफ चौकी डबरा लाया गया।
बैग में थे 28 हजार 240 रूपए
बैग के संबंध में यात्री से मोबाइल नंबर के माध्यम से संपर्क किया गया, जहां महिला ने बताया कि बैग में एक हैंड पर्स है जिसमें कुल 28,240 रुपए नगद और अन्य उपयोगी सामान व कपड़े रखे हुए हैं। वीडियो कॉल के जरिए बैग और उसमें रखी सामग्री की पहचान कराई गई, जिससे यात्री ने संतुष्टि जताई।
पंजाब की रहने वाली है महिला
पूछताछ में महिला का नाम बलराज कौर (उम्र 74 वर्ष), निवासी लुधियाना, पंजाब सामने आया, जो लुधियाना से आगरा की यात्रा कर रही थीं। उनके अनुरोध पर उनके भतीजे आशीर्वाद सिंह को बैग सुपुर्द करने की व्यवस्था की गई। सत्यापन उपरांत निरीक्षक एम.के. कदम एवं प्रधान आरक्षक दीपक कुमार की मौजूदगी में बैग में रखी नगदी व सामान का मिलान कर सुपुर्दनामा तैयार करते हुए बैग आशीर्वाद सिंह को सौंप दिया गया।