निवाड़ी : मध्यप्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मोहन सरकार अब ओरछा में भी पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सुविधा शुरू करने जा रही है। जिसको लेकर औपचारिकताएं जहां पूरी कर ली गई है। तो वही निवाड़ी जिले की धार्मिक और पर्यटन नगरी ओरछा को मिलने जा रही हवाई कनेक्टिविटी की सौगात को लेकर जनता में खुशी की लहर है।
सेवा ओरछा -चंदेरी और भोपाल के बीच संचालित होगी
बता दें कि यह सेवा ओरछा चंदेरी और भोपाल के बीच संचालित होगी। जिसके संबंध में पर्यटन सचिव डॉ. इलैया राजा टी ने निवाड़ी कलेक्टर को पत्र लिखकर ओरछा हेलीपैड पर सुरक्षा व्यवस्था, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए हैं। हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। इससे न सिर्फ यात्रियों को राहत मिलेगी बल्कि समय भी बचेगा।
पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
इधर, सुविधा को लेकर भाजपा नेता विकास यादव ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर ओरछा से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का अनुरोध किया था, केंद्रीय मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र लिखे जाने के बाद अब यह योजना अमल में लाई जा रही है। इससे देश विदेश के पर्यटकों के साथ साथ आम लोगों को भी हवाई यात्रा की सुविधा मिलेगी, जिससे ओरछा के पर्यटन को एक नई पहचान और बढ़ावा मिलेगा। वही जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर सेवा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।