भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भाजपा का परिवार लगातार बढ़ता जा रहा है और कांग्रेस के लोगों को रात-दिन सपने आ रहे हैं, उन्हें बिजली के झटके लग रहे हैं। भोपाल में भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भोपाल लोकसभा सीट हर बार जीत के नए रिकॉर्ड बना रही है। इस बार भी भोपाल में गाड़ा गया खंब सबसे अलग दिखना चाहिए। भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि इन्हें जहां से चुनाव लड़ने का बोला, वे वहां पहुंच गए। विधानसभा चुनाव में उत्तर सीट से जिम्मेदारी दी तो वहां भी लड़े। जबकि यह सीट चुनौती वाली थी। वे चुनौती से डरे नहीं, बल्कि डटकर मुकाबला किया। डॉ. यादव भोपाल के साथ सागर, भिंड भी पहुंचे और भाजपा प्रत्याशियों की नामांकन रैलियों में शामिल होकर सभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने दावा किया पिछली बार पार्टी ने 29 में से 28 सीटें जीती थीं जबकि इस बार छिंदवाड़ा भी जीत रहे हैं।
श्रीराम- श्रीकृष्ण संस्कृति की हमेशा विरोधी रही कांग्रेस
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम श्रीराम और श्रीकृष्ण की संस्कृति वाले लोग हैं। कांग्रेस हमेशा से इस संस्कृति की विरोधी रही है, इसलिए कभी भी श्रीराम के मंदिर को बनने में साथ नहीं दिया। हमेशा से विरोध जताया। कांग्रेस की संस्कृति विरोध करने वाली संस्कृति ही है। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से अड़ंगे लगाए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भी गलत ठहराया, लेकिन देश के हिंदू-मुसलमान भाइयों ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे आराध्य भगवान श्रीराम अपने गर्भगृह में मुस्कुरा रहे हैं।