MP Morning News : मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच के आह्वान पर प्रदेशभर में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों द्वारा बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। कर्मचारी आदेशों के विरोध में सड़क पर उतरेंगे। राजधानी भोपाल के तुलसी नगर स्थित सेकंड स्टाफ तुलसी उद्यान में विशाल धरना प्रस्तावित है।
आंदोलन के दौरान कर्मचारी मुख्यमंत्री के नाम पांच सूत्रीय मांग पत्र जिला प्रशासन को सौंपेंगे। कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि सरकार दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त न करे, बल्कि उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा दे।
चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड उछाल
चांदी के दामों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। महज एक दिन में चांदी की कीमतों में 17 हजार रुपये प्रति किलो की छलांग लगी है। मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में चांदी के दाम अलग-अलग दर्ज किए गए हैं।
ग्वालियर: 2.52 लाख रूपये प्रति किलो
इंदौर: 2.50 लाख रूपये प्रति किलो
भोपाल: 2.49 लाख रूपये प्रति किलो
जनवरी 2025 में जहां चांदी 88,500 रूपये प्रति किलो थी, वहीं साल के अंत तक इसमें 1,63,500 की तेजी आई है। अब प्रदेश में चांदी 2.51 लाख रूपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
भोपाल निगम की नई पहल
भोपाल शहर में धूल से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए नगर निगम ने नई रणनीति अपनाई है। अब सड़क पर झाड़ू लगाने से पहले पानी का छिड़काव किया जाएगा। भोपाल के सभी 21 जोनों में एक-एक स्प्रिंकल व्हीकल तैनात करने की तैयारी है। यह योजना नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत लागू की जा रही है, जिसके लिए केंद्र सरकार ने नगर निगम को 30 करोड़ रुपये की सहायता दी है। निगम के वर्कशॉप में स्प्रिंकल व्हीकल तैयार किए जा रहे हैं। आने वाले 2 से 3 महीनों में करीब 400 वाहन सड़क पर उतरेंगे।
एमपी में शीतलहर का कहर
मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का दौर जारी है। भोपाल-इंदौर सहित 5 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। मंदसौर में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के 30 से ज्यादा शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया।
भोपाल: 4.6°C
इंदौर: 6.2°C
ग्वालियर: 6.7°C
उज्जैन: 7.3°C
जबलपुर: 7.4°C
शहडोल (कल्याणपुर): 3.2°C
राजगढ़: 3.8°C
पचमढ़ी: 4.8°C
शारिक मछली गैंग का आतंक
राजधानी के हथाईखेड़ा डैम में अवैध मछली कारोबार करने वाले शारिक मछली गैंग का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। गैंग के गुर्गों ने वैध सहकारी समिति से जुड़े मछुआरों को धमकाना शुरू कर दिया है। इस मामले में प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठे हैं। अब राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने स्वयं मौके पर पहुंचकर अनुसूचित जाति-जनजाति के मछुआरों से मुलाकात की। प्रियंक कानूनगो ने मछुआरों को डैम क्षेत्र में दोबारा कब्जा दिलाया और पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कांग्रेस का स्थापना दिवस
कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर पीसीसी में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान जीतू पटवारी ने कहा कि आजादी और संविधान को बचाने के लिए कांग्रेस के विचार को बचाना जरूरी है। पटवारी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होने और पार्टी को मजबूत करने का आव्हान किया।