MP Morning News : भोपाल। गणतंत्र दिवस के मौके पर मध्य प्रदेश के पुलिस अधिकारियों को विशिष्ट सेवा और सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय गृह विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। सम्मान पाने वालों में इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, आईजी मिथलेश कुमार शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी शामिल हैं। वहीं सराहनीय सेवाओं के लिए आईजी कृष्णावेणी देसावतु, पुलिस अधीक्षक मनोज राय, जितेश कुमार गर्ग सहित कुल 17 पुलिस अधिकारियों का चयन किया गया है।
रिटायर कर्मचारियों की दोबारा नियुक्ति पर सवाल
नागरिक आपूर्ति निगम में सेवानिवृत्ति के बाद भी कर्मचारियों को आउटसोर्स के माध्यम से दोबारा काम पर रखे जाने का मामला सामने आया है। यह स्थिति तब है जब प्रदेश में करीब 26 लाख युवा रोजगार की तलाश में हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की गाइडलाइन के अनुसार 65 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों को कार्य पर नहीं रखा जा सकता, इसके बावजूद नियमों को दरकिनार किए जाने के आरोप लग रहे हैं।
भोपाल स्टेशन फिर शुरू होगी ऑटो-टैक्सी बूथ व्यवस्था
भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटो-टैक्सी बूथ व्यवस्था दोबारा शुरू की जाएगी। मेट्रो निर्माण कार्य के चलते यह सुविधा बंद हो गई थी। अब प्लेटफॉर्म नंबर-6 की ओर बूथ बनाया जाएगा। इससे बाहर से आने वाले यात्रियों को निर्धारित दरों पर ऑटो और टैक्सी की सुविधा मिल सकेगी और मनमानी पर रोक लगेगी।
पेपर लीक रोकने की तैयारी
10 फरवरी से शुरू होने जा रही 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग ने कड़े इंतजाम किए हैं। प्रश्न पत्रों की डबल पैकिंग की जाएगी और उन्हें सील्ड बॉक्स में केंद्र बार बॉक्स के जरिए जिला समन्वयक संस्थाओं को भेजा जाएगा। परीक्षा वाले दिन प्रश्न पत्र परीक्षा कक्षा में ही कलेक्टर प्रतिनिधि की मौजूदगी में खोले जाएंगे। इस वर्ष करीब 16 लाख विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे।
बोर्ड परीक्षा, 3 हजार शिक्षकों को भोपाल बुलाने पर विवाद
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के बीच एसआईआर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के लिए करीब 3 हजार शिक्षकों को भोपाल बुलाया गया है। इससे सरकारी स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने की बात कही जा रही है। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सम्मान किया जाएगा, वहीं कई शिक्षक भी सम्मानित होंगे। हालांकि कई संगठनों ने इस आयोजन का विरोध जताया है।
भोपाल स्लॉटर हाउस गौकशी मामला
नगर निगम के स्लॉटर हाउस में सामने आए गौकशी कांड के मुख्य आरोपी असलम कुरैशी उर्फ चमड़ा की रिमांड का आज अंतिम दिन है। एसआईटी आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी। फिलहाल मामले में पुलिस के हाथ अब भी अहम सुराग नहीं लगे हैं।
फिर स्थापित हुई शहीद भगत सिंह की प्रतिमा
करोंद चौराहे पर निजी कंपनी द्वारा शहीद भगत सिंह की प्रतिमा दोबारा स्थापित कर दी गई है। 19 और 20 जनवरी को मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई थी। मेट्रो कंपनी ने 26 जनवरी से पहले प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन दिया था, जिसे 24 जनवरी की रात पूरा कर दिया गया।
मध्य प्रदेश में फिर लौटी ठंड
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। प्रदेश में घना कोहरा और ठंड बढ़ गई है। 27 और 28 जनवरी को मावठा और बारिश की संभावना जताई गई है। ग्वालियर-चंबल संभाग में बारिश और कोहरे का असर रहेगा। नरसिंहपुर में अचानक तेज बारिश हुई, जिससे सड़कों पर फिसलन और यातायात प्रभावित हुआ। मंदसौर में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री और राजगढ़ में 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भोपाल में गणतंत्र दिवस पर सबसे लंबी परेड
गणतंत्र दिवस पर भोपाल में प्रदेश की सबसे लंबी परेड का आयोजन किया जाएगा। परेड में 23 प्लाटून, 1300 जवान, डॉग स्क्वॉड, शौर्य दल और एनएसएस शामिल होंगे। 10 साल बाद एनएसएस की वापसी होगी। पहली बार सेना के बाज (रैप्टर्स), आर्मी डॉग्स, ज़ांस्कर पोनी और बैक्ट्रियन ऊंट भी परेड में शामिल होंगे। परेड की कमान कैप्टन हर्षिता के हाथों में होगी। राज्यपाल मंगुभाई पटेल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहेंगे, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली बच्चे और आदिवासी कलाकार प्रस्तुति देंगे।