Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज की शुरुआत कई अहम घटनाओं के साथ हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दो जिलों के दौरे पर रहेंगे। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इसके अलावा राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ सख्त अभियान की शुरुआत करते हुए विशेष टीमों का गठन किया है।
बलरामपुर और महासमुंद के दौरे पर रहेंगे CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बलरामपुर और महासमुंद जिले के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे पुलिस मुख्यालय के हेलिपैड से बलरामपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे बलरामपुर पहुंचने के बाद वे मिशन रोड स्थित वार्ड नंबर 12 का दौरा करेंगे, जहां उनका समय आरक्षित रखा गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री 12:45 बजे महासमुंद जिले के लिए रवाना होंगे और वहां नानकसागर में आयोजित होली मोहल्ला कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3:45 बजे रायपुर के लिए रवाना होकर राजधानी लौटेंगे।
छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना:
प्रदेश के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार तेज हवाओं के साथ कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है। राजधानी रायपुर में आज हल्की धुंध रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रह सकता है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 39.6°C दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 14.4°C रिकॉर्ड किया गया।
नशे के खिलाफ सरकार की निर्णायक कार्रवाई:
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) और एंटी नारकोटिक्स सेल का गठन किया गया है। यह विशेष सेल प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में स्थापित किए गए हैं, जो नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई करेंगे। सरकार का कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस व्यवस्था को मजबूत करते हुए राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की जा रही है।