Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक दृष्टि से अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर और राजनांदगांव जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वहीं रायपुर से सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का भव्य शुभारंभ होगा। दूसरी ओर कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर का तीसरा दिन भी आज आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुबह 11 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12 बजे रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से राजनांदगांव के लिए रवाना होंगे। वहां वे स्टेट हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित प्रगतिशील किसान सम्मेलन और विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे।राजनांदगांव प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम 3 बजे रायपुर लौटेंगे।
आज से शुरू होगी सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के उद्देश्य से सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ आज 22 जून से किया जा रहा है। यह यात्रा 26 जून तक चलेगी। यात्रा में प्रदेशभर से लगभग 1000 विशिष्ट प्रतिभागी शामिल होंगे। इनमें पद्म सम्मान प्राप्त कलाकार, साहित्यकार, लोक संस्कृति से जुड़े प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित नागरिक शामिल हैं। प्रतिभागी अपने-अपने जिलों की मिट्टी और नदियों का पवित्र जल लेकर सोमनाथ धाम पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना और छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देशभर में प्रदर्शित करना है।
कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का तीसरा दिन आज
रायपुर में आयोजित कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर का आज तीसरा दिन है। शिविर में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे और संगठनात्मक विषयों पर प्रशिक्षण देंगे। रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शिविर में शामिल होकर जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर मार्गदर्शन दिया था। आज भी विभिन्न सत्रों के माध्यम से संगठनात्मक मजबूती और चुनावी तैयारी पर चर्चा की जाएगी।