Morning Breaking: छत्तीसगढ़ की आज सुबह की कई बड़ी खबरें सुर्खियों में हैं। एक तरफ जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात के लिए दिल्ली प्रवास पर जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य के विभिन्न जिलों में 26वें राज्य स्थापना दिवस समारोह (राज्योत्सव 2026) का उत्साह चरम पर है। आइए जानते हैं आज की प्रमुख और बड़ी खबरें।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे पर
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सुबह 9:45 बजे इंडिगो की फ्लाइट के जरिए दिल्ली के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर करीब 11:50 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे एयरपोर्ट से कार द्वारा छत्तीसगढ़ सदन जाएंगे। दिल्ली प्रवास के दौरान उनकी केंद्रीय नेतृत्व के साथ मुलाकात प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री साय आज रात दिल्ली में ही विश्राम करेंगे।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का दूसरा दिन आज, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राज्योत्सव 2026 का आज दूसरा दिन है। इस मौके पर राजधानी रायपुर में विभिन्न सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा और इंद्र कुमार साहू विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।
आज के मुख्य आकर्षण और कार्यक्रमों का समय:
शाम 6 बजे: 'मैं अयोध्या हूं' नाट्य प्रस्तुति।
शाम 7 बजे: रायपुर के कलाकार सुनील सोनी की संगीतमय प्रस्तुति।
रात 8 बजे: बॉलीवुड पार्श्व गायिका स्वास्ति मेहुल की लाइव प्रस्तुति।
वहीं, शिल्पग्राम में दोपहर 3 बजे से सांस्कृतिक आयोजनों का सिलसिला शुरू होगा। यहां लोकसंगीत, ओडिसी, कथक, पंडवानी और सुआ नृत्य समेत कुल 11 प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।
दुर्ग से दिल्ली के लिए आज रवाना होगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने दुर्ग से दिल्ली के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 2 नवंबर को एक फेरे के लिए संचालित होगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 08795 दुर्ग स्टेशन से सुबह 11 बजे रवाना होगी। निर्धारित मार्ग पर यह ट्रेन रायपुर, उसलापुर, शहडोल, कटनी मुड़वारा, सागर, झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट और मथुरा होते हुए अगले दिन सुबह 8:30 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 14 एसी थर्ड इकोनॉमी, एक एसी सेकंड, एक स्लीपर और दो पावर कार शामिल हैं। इस सुविधा से त्योहार के दौरान दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के निधन से दुर्ग में राज्योत्सव कार्यक्रम स्थगित
दुर्ग जिले में आज आयोजित होने वाला राज्योत्सव कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के निधन के बाद यह निर्णय लिया गया। यह आयोजन दुर्ग कलेक्ट्रेट परिसर में प्रस्तावित था, जहां विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन होना था। विधायक के निधन के चलते कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है।
महासमुंद में आज सजेगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, 'सशक्त नारी, युवा उड़ान' होगी थीम
छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर महासमुंद जिला मुख्यालय में 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस बार कार्यक्रम की थीम 'सशक्त नारी, युवा उड़ान' रखी गई है। समारोह का आयोजन शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय परिसर स्थित मिनी स्टेडियम में किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे से होगी। राज्योत्सव के मद्देनजर जिले के सरकारी भवनों को 1 से 3 नवंबर तक आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है। आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भी आज राज्योत्सव, लोक कलाकार देंगे रंगारंग प्रस्तुतियां
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आज जिला स्तरीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पेंड्रारोड स्थित गुरुकुल ग्राउंड में होगा। समारोह में तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक धर्मजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध गायिका छाया चंद्राकर की टीम 'लोक छाया' विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति देगी। इसके साथ ही स्कूली विद्यार्थियों और स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा प्रदेश की पारंपरिक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। शैला, सुआ, डंडा, करमा और बार जैसे लोकनृत्य समारोह का प्रमुख आकर्षण होंगे।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही राज्योत्सव का कार्यक्रम शेड्यूल:
समय कार्यक्रम
शाम 4 से 5 बजे स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति
5 से 5:10 बजे बारीउमराव का शैला नृत्य
5:10 से 5:20 बजे लमना का सुआ नृत्य
5:20 से 5:30 बजे सेमरदर्री का डंडा नृत्य
5:30 से 5:40 बजे सेमरदर्री का करमा नृत्य
5:40 से 5:50 बजे आमगांव का बार नृत्य
5:50 से 6 बजे लमना का शैला नृत्य
शाम 6 से 7 बजे जाटादेवरी दल की लोकनृत्य प्रस्तुति
शाम 7 से 8 बजे मंचीय कार्यक्रम
रात 8 बजे से लोक छाया की विशेष प्रस्तुति
इस आयोजन के जरिए जिले के स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं को भी मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।