Mohan Cabinet Meeting : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक होने जा रही है। यह बैठक दोपहर 1:20 बजे मंत्रालय में आयोजित की जाएगी, जिसमें कई बड़े प्रशासनिक फैसलों पर मुहर लग सकती है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार नई तबादला नीति 2025 को बैठक में मंजूरी दे सकती है। इसके तहत, एक मई से तबादलों पर लगी रोक हटाई जा सकती है। पिछले दिनों हुई कैबिनेट बैठक में तय किया गया था कि 1 से 30 मई तक तबादलों की प्रक्रिया चलेगी। मुख्यमंत्री ने तबादला नीति तैयार करने के निर्देश भी दिए थे।
किन मुद्दों पर हो सकता है फैसला?
नई तबादला नीति 2025: नई नीति के तहत प्रभारी मंत्री को जिले के अंदर तबादलों की अनुमति मिलेगी। पति-पत्नी को एक ही स्थान पर पदस्थ करने की व्यवस्था पर विचार किया जा सकता है। गंभीर बीमारी से जूझ रहे कर्मचारियों के तबादलों को प्राथमिकता दी जाएगी।
भ्रष्टाचार मामलों में विशेष निर्देश: जिन अधिकारियों-कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार या पद के दुरुपयोग के आरोप हैं, उनके तबादले प्राथमिकता से किए जाएंगे।
तीन साल से एक स्थान पर जमे कर्मचारी हटेंगे: लंबे समय से एक ही जगह पदस्थ कर्मचारियों के तबादले की तैयारी है।
पदोन्नति और अनुशासनात्मक कार्रवाई: बैठक में कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े प्रस्ताव पर भी फैसला हो सकता है। साथ ही कुछ अनुशासनात्मक मामलों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।
सौर ऊर्जा संयंत्र का प्रस्ताव: मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के लिए नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग द्वारा संयुक्त सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना का प्रस्ताव भी बैठक में लाया जाएगा।
अनाज उपार्जन से जुड़ी व्यवस्था: खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा उपार्जन के लिए राशि की व्यवस्था को लेकर भी प्रस्ताव रखा जाएगा।
सीएम मोहन का शेड्यूल
सीएम मोहन यादव आज सुबह 11:30 बजे इंदौर के रवींद्र नाट्य गृह में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर सम्मान कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे 12:45 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे और 1:20 बजे कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे। बैठक के बाद 3:00 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे और शाम को जयपुर के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।