Mahakumbh Viral Girl Marriage: प्रयागराज महाकुंभ से सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आईं मोनालिसा ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर ली है। इस शादी के बाद दोनों की तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं। जानकारी के अनुसार, कपल ने केरल में पहले सिविल मैरिज की और इसके बाद तिरुवनंतपुरम के अरुमनूर नैनार मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। अचानक हुई इस शादी ने सोशल मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा तेज कर दी है।
फिल्म के सेट पर हुई थी मुलाकात
मीडिया से बातचीत में फरमान खान ने बताया कि दोनों की मुलाकात एक फिल्म के सेट पर हुई थी। दोनों एक साथ एक प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे, जहां से उनकी बातचीत शुरू हुई। फरमान के मुताबिक “मोनालिसा ने सबसे पहले मुझे प्रपोज किया था। शुरुआत में मैंने मना कर दिया था, लेकिन बाद में हम दोनों करीब आ गए और धीरे-धीरे प्यार हो गया।” कपल का कहना है कि उनका रिश्ता करीब छह महीने पुराना है, लेकिन उन्हें लगता है कि यह रिश्ता कई सालों की तरह मजबूत है।
परिवार की मर्जी के खिलाफ की शादी
बताया जा रहा है कि इस शादी को लेकर मोनालिसा के परिवार में सहमति नहीं थी। खासकर उनके पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे और नहीं चाहते थे कि उनकी बेटी किसी मुस्लिम युवक से शादी करे। हालांकि, मोनालिसा ने अपने फैसले पर कायम रहते हुए फरमान खान से विवाह कर लिया।
केरल में बसने की कर रहे हैं प्लान
शादी के बाद दोनों फिलहाल केरल में ही हैं और वहीं बसने की योजना बना रहे हैं। फरमान ने कहा कि अगर मोनालिसा को केरल पसंद आया तो वे स्थायी रूप से यहीं रहने का फैसला कर सकते हैं। फिलहाल कपल ने हनीमून को लेकर कोई योजना नहीं बनाई है।
निर्देशक सनोज मिश्रा का ‘लव जिहाद’ बयान
मोनालिसा की शादी पर फिल्म के निर्देशक सनोज मिश्रा ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने इस रिश्ते को ‘लव जिहाद’ बताया और दावा किया कि इस बयान के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ‘सिर तन से जुदा’ करने की धमकियां मिल रही हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।
एक्टिंग करियर पर भी उठे सवाल
मोनालिसा की शादी ऐसे समय हुई है जब उनकी पहली फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ रिलीज होने वाली है। शादी और केरल में बसने की योजना को देखते हुए यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि वह फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना सकती हैं।