खजुराहो: विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की वर्ष 2026 की नेशनल कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे रैंकिंग में खजुराहो एयरपोर्ट ने देशभर के हवाई अड्डों में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजा भोज एयरपोर्ट को इस सर्वे में तीसरा स्थान मिला है।
यात्रियों की फीडबैक पर होती है रैंकिंग तैयार
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया हर साल यात्रियों के अनुभव के आधार पर देश के एयरपोर्ट्स का मूल्यांकन करती है। इस सर्वे का मकसद यह जानना होता है कि यात्रियों को एयरपोर्ट पर कितनी बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं और उनकी यात्रा कितनी आसान बन रही है
जानें किन-किन मानकों में किया गया मूल्यांकन
बता दें कि, एएआई की यह रैंकिंग देशभर के हवाई अड्डों पर यात्रियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर तैयार की गई है। इस सर्वेक्षण में चेक-इन प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, टर्मिनल की स्वच्छता, कर्मचारियों का व्यवहार, प्रतीक्षा समय, खानपान सुविधाएं, सूचना प्रणाली तथा यात्रियों के समग्र अनुभव जैसे प्रमुख मानकों के आधार पर हवाई अड्डों का मूल्यांकन किया गया।
एयरपोर्ट आधुनिक सुविधाओं से लैस
करीब 590 एकड़ में फैला खजुराहो एयरपोर्ट आधुनिक सुविधाओं से लैस है और 1978 से यात्रियों को सेवाएं दे रहा है। वहीं भोपाल का राजा भोज एयरपोर्ट भी लगातार अपनी सेवाओं में सुधार कर रहा है।